Edited By Sarita Thapa,Updated: 16 Feb, 2026 10:47 AM

ब्रज में होली का उल्लास शुरू हो चुका है और इस उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रंगभरनी एकादशी को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने कमर कस ली है।
Banke Bihari Mandir news : ब्रज में होली का उल्लास शुरू हो चुका है और इस उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रंगभरनी एकादशी को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने कमर कस ली है। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए इस बार दर्शन और होली खेलने की व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।
नई रेलिंग के बीच होंगे आराध्य के दर्शन
मंदिर परिसर के भीतर भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए नई और मजबूत स्टील की रेलिंग लगाई जा रही हैं। श्रद्धालुओं को अब एक निश्चित घेरे और कतार में रहकर ही ठाकुरजी के दर्शन करने होंगे। इससे धक्का-मुक्की जैसी स्थितियों से बचा जा सकेगा। रेलिंग की व्यवस्था इस तरह की गई है कि प्रवेश और निकास द्वार पर एक साथ दबाव न बने।
ठाकुरजी संग रंगों की होली
परंपरा के अनुसार, रंगभरनी एकादशी पर बांकेबिहारी जी अपने भक्तों पर टेसू के रंगों और गुलाल की वर्षा करते हैं। नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु रेलिंग के बीच से सुरक्षित तरीके से ठाकुरजी के विग्रह से बरसने वाले रंगों का आनंद ले सकेंगे। मंदिर के सेवायतों और पुलिस बल के बीच समन्वय बनाया गया है ताकि गर्भगृह के ठीक सामने लोग ज्यादा देर तक न रुकें और पीछे आने वाले भक्तों को भी दर्शन का पूरा मौका मिले।
सुरक्षा और स्वास्थ्य के कड़े इंतजाम
वृंदावन की गलियों से लेकर मंदिर के प्रांगण तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहने वाली है। एकादशी के दिन बांकेबिहारी मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों को 'वन-वे' रखा जा सकता है। पूरे मंदिर परिसर और आसपास की कुंज गलियों की निगरानी के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। गर्मी और उमस को देखते हुए जगह-जगह पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों की व्यवस्था की गई है।
भक्तों के लिए सलाह
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और सुरक्षा घेरे के भीतर रहकर ही दर्शन करें। बुजुर्गों और बच्चों के साथ आने वाले भक्तों को विशेष सावधानी बरतने और भीड़भाड़ वाले समय से बचने की सलाह दी गई है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ