Edited By Prachi Sharma,Updated: 27 Mar, 2026 09:20 AM

Banke Bihari Temple Darshan Time : श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने अब दर्शन के निर्धारित समय को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। मंदिर के सेवायतों को स्पष्ट निर्देश दिए...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Banke Bihari Temple Darshan Time : श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने अब दर्शन के निर्धारित समय को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया है। मंदिर के सेवायतों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे पहले से तय समय के अनुसार ही मंदिर के पट खोलें। साथ ही इस व्यवस्था की निगरानी हर सप्ताह की जाएगी।
समिति ने चेतावनी भी दी है कि यदि तय समय का पालन नहीं किया गया तो संबंधित सेवायतों पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा। इस संबंध में समिति के सचिव द्वारा नोटिस जारी किया जा चुका है। दरअसल, पिछले साल सितंबर में हुई बैठक में मंदिर के दर्शन समय को बढ़ाने का फैसला लिया गया था। इसके तहत सुबह 7 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और शाम 4:15 बजे से रात 9:30 बजे तक मंदिर खोलने का निर्देश दिया गया था।
हालांकि, सेवायतों द्वारा इस आदेश का पालन नहीं किया गया। वर्तमान में मंदिर सुबह करीब 7:45 बजे खुलता है और दोपहर 12 बजे बंद कर दिया जाता है। वहीं, शाम के समय भी निर्धारित समय के बजाय कम अवधि के लिए ही दर्शन हो रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए समिति के सचिव और डीएम सीपी सिंह ने एक बार फिर सेवायतों को निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा है कि समिति द्वारा तय की गई समय सारिणी का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए, अन्यथा जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी और अपर नगर मजिस्ट्रेट राजकुमार चौधरी इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगे।
इसके अलावा 29 मार्च से मंदिर में फूल बंगला सजाया जाएगा, जिसके दौरान ठाकुरजी सुबह और शाम जगमोहन में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।
बता दें कि पहले जब दर्शन समय बढ़ाने का निर्णय लिया गया था, तब सेवायत इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचे थे, लेकिन वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। अब प्रबंधन समिति ने स्पष्ट कर दिया है कि नए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।