Edited By Sarita Thapa,Updated: 11 Feb, 2026 09:20 AM

महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर पूरा देश हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान है। विशेष रूप से भगवान शिव की प्रिय नगरी काशी और क्रांतिधरा मेरठ में भक्ति का एक अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिल रहा है।
Kashi Vishwanath Temple Mahashivratri : महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर पूरा देश हर-हर महादेव के उद्घोष से गुंजायमान है। विशेष रूप से भगवान शिव की प्रिय नगरी काशी और क्रांतिधरा मेरठ में भक्ति का एक अद्भुत और अलौकिक दृश्य देखने को मिल रहा है। वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि का उत्सव इस बार भव्यता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बाबा विश्वनाथ और माता गौरा का विवाह उत्सव मनाने के लिए पूरे धाम को विदेशी फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। इस बार बाबा का दूल्हा स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने 36 घंटे से अधिक समय तक निरंतर दर्शन की व्यवस्था की है। गंगा घाट से लेकर मंदिर के गर्भगृह तक केवल शिव भक्तों का रैला नजर आ रहा है। गंगा में जल पुलिस और मंदिर परिसर में ड्रोन के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख आस्था केंद्र, मेरठ के ऐतिहासिक बाबा औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर समिति ने लाखों की संख्या में पहुंचने वाले कांवड़ियों और स्थानीय भक्तों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। तड़के से ही जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो जाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में जिग-जैग बैरिकेडिंग की गई है और जगह-जगह स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। मंदिर के चारों ओर भक्ति संगीत और भजनों की गूंज है, जिससे पूरा वातावरण 'औघड़दानी' की भक्ति में सराबोर हो गया है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ