Edited By Niyati Bhandari,Updated: 18 Jul, 2026 03:01 PM

प्रयागराज के प्राचीन श्री मनकामेश्वर मंदिर में सावन से पहले श्रद्धालुओं के लिए ‘ड्रैस कोड’ लागू कर दिया गया है। मंदिर प्रशासन के नए नियमों के अनुसार अब गर्भगृह में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए केवल भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में ही प्रवेश मिलेगा।
प्रयागराज (एजैंसी): प्रयागराज के प्राचीन श्री मनकामेश्वर मंदिर में सावन से पहले श्रद्धालुओं के लिए ‘ड्रैस कोड’ लागू कर दिया गया है। मंदिर प्रशासन के नए नियमों के अनुसार अब गर्भगृह में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए केवल भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में ही प्रवेश मिलेगा। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जींस, टी-शर्ट, रिप्ड जींस और हाफ पैंट पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पुरुषों के लिए रुद्राभिषेक और विशेष पूजा के दौरान धोती-कुर्ता तथा महिलाओं के लिए साड़ी या सलवार-सूट पहनना अनिवार्य किया गया है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य मंदिर की गरिमा, धार्मिक मर्यादा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण करना है। सावन में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए पहले ही नए नियमों की जानकारी जारी कर दी गई है। बताया जाता है कि रुद्राभिषेक करने वाले पुरुष श्रद्धालुओं को मंदिर प्रशासन की ओर से मुफ्त धोती उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसे पूजा के बाद लौटाना होगा।