Edited By Niyati Bhandari,Updated: 01 Jul, 2026 12:38 PM

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने सोमवार देर रात 11:30 बजे अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया।
अयोध्या (एजैंसी): अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने सोमवार देर रात 11:30 बजे अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया। थोड़ी देर बाद उन्हें कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस ले गई। कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पूनिया और उज्ज्वल रमण सिंह को हाउस अरेस्ट किया गया है। अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस डैलिगेशन चढ़ावा चोरी का विरोध करने पहुंचा था।
उन्होंने आज यानी मंगलवार को ट्रस्ट कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोपहर 12:30 बजे राम जन्मभूमि मंदिर कूच किया। पुलिस ने मंदिर से एक किलोमीटर पहले टेढ़ी बाजार में उन्हें रोक दिया। इससे कार्यकर्ता भड़क गए। धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें हिरासत में लिया। घसीटकर गाड़ी में भरा। हालांकि करीब 20 घंटे नजरबंद रखने के बाद मंगलवार रात 9 बजे पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन कराए।