Edited By Niyati Bhandari,Updated: 27 Oct, 2026 08:38 AM

श्री गुरु रामदास के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु साहिब के दर्शन-दीदार करने के लिए पाकिस्तान के विभिन्न गुरुधामों से 49 सिख श्रद्धालुओं का जत्था गुरु नगरी अमृतसर पहुंचा। जत्थे के नेता भूपिंदर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे श्रद्धालुओं का शिरोमणि...
अमृतसर (सर्बजीत): श्री गुरु रामदास के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु साहिब के दर्शन-दीदार करने के लिए पाकिस्तान के विभिन्न गुरुधामों से 49 सिख श्रद्धालुओं का जत्था गुरु नगरी अमृतसर पहुंचा। जत्थे के नेता भूपिंदर सिंह के नेतृत्व में पहुंचे श्रद्धालुओं का शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मैनेजर रजिंदर सिंह रूबी द्वारा सम्मान किया गया।
यह जत्था श्री गुरु रामदास के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होगा। इसके अलावा 3 दिवसीय पंजाब दौरे के दौरान जत्थे के सदस्य अन्य ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन भी करेंगे।
पाकिस्तान से आए सिख श्रद्धालुओं ने कहा कि पाकिस्तान और भारत की सरकारों को सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंजाब आने के लिए आसान प्रबंध करने चाहिएं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दूरी कम होने के बावजूद श्रद्धालुओं को गुरुधामों के दर्शनों के लिए लंबा और कठिन सफर तय करना पड़ता है।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वह हवाई मार्ग से पहले रूस और फिर दिल्ली पहुंचे। इसके बाद वे 3 दिनों के लिए गुरु नगरी पहुंचे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में दोनों देशों के बीच ऐसे प्रबंध होंगे, जिससे सिख श्रद्धालु बिना कठिनाई के अपने गुरुधामों के दर्शन कर सकेंगे।