Edited By Sarita Thapa,Updated: 25 Jun, 2026 01:05 PM

विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में होने वाली भस्म आरती की अनुमति को लेकर मंदिर प्रशासन ने व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। अब श्रद्धालु एक ही मोबाइल नंबर का उपयोग कर तीन माह में केवल एक बार ही भस्म आरती की अनुमति प्राप्त कर सकेंगे।
Ujjain Mahakal Mandir News : विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में होने वाली भस्म आरती की अनुमति को लेकर मंदिर प्रशासन ने व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। अब श्रद्धालु एक ही मोबाइल नंबर का उपयोग कर तीन माह में केवल एक बार ही भस्म आरती की अनुमति प्राप्त कर सकेंगे। यह नियम प्रोटोकॉल के तहत आने वाले श्रद्धालुओं पर भी समान रूप से लागू होगा।
दरअसल, पिछले कुछ समय से भस्म आरती की अनुमति को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आरोप थे कि कुछ लोग एक ही मोबाइल नंबर का बार-बार उपयोग कर हर माह अनुमति प्राप्त कर रहे थे, जिससे अन्य श्रद्धालुओं को अवसर नहीं मिल पा रहा था। इसी को देखते हुए मंदिर समिति ने पुराने नियम को फिर से प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्णय लिया है। गौरतलब है कि वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर नीरज सिंह ने भी एक आधार कार्ड और एक मोबाइल नंबर से तीन माह बाद ही दोबारा अनुमति देने की व्यवस्था लागू की थी। हालांकि बाद में यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं रह सकी थी।
अब मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि एक मोबाइल नंबर का बार-बार उपयोग नहीं किया जा सकेगा। मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक के अनुसार यह व्यवस्था पहले से मौजूद थी, लेकिन अब इसे और सख्ती तथा प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। मंदिर समिति का मानना है कि इस फैसले से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा और अनुमति प्रक्रिया में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ