Edited By Reetu sharma,Updated: 28 May, 2026 02:12 PM

बॉबी देओल स्टारर फिल्म ‘बंदर’ हर नए अपडेट के साथ दर्शकों के बीच और ज्यादा चर्चा बटोर रही है। पहले फिल्म के धमाकेदार टीज़र ने अपनी रॉ इमोशंस, डरावने माहौल और अनोखे किरदारों से लोगों को चौंकाया था, फिर हाल ही में रिलीज हुआ ट्रैक ‘क्यूँ मज़ा आ रहा है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉबी देओल स्टारर फिल्म ‘बंदर’ हर नए अपडेट के साथ दर्शकों के बीच और ज्यादा चर्चा बटोर रही है। पहले फिल्म के धमाकेदार टीज़र ने अपनी रॉ इमोशंस, डरावने माहौल और अनोखे किरदारों से लोगों को चौंकाया था, फिर हाल ही में रिलीज हुआ ट्रैक ‘क्यूँ मज़ा आ रहा है’ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। अब मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘पिंजरा’ रिलीज कर दिया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को अगले लेवल पर पहुंचा दिया है।
सुदीप शर्मा के बोल ने बनाया गाना दमदार
‘पिंजरा’ को अमित त्रिवेदी ने कंपोज़ किया है और अपनी आवाज़ भी दी है। वहीं इसके दमदार और सीधे दिल पर असर करने वाले बोल सुदीप शर्मा ने लिखे हैं। गाने में एक तरफ जोश और एनर्जी दिखाई देती है तो दूसरी तरफ इसका डार्क और बेचैन कर देने वाला माहौल दर्शकों को अंदर तक हिला देता है।
जेल के जश्न में राज बी. शेट्टी का धमाकेदार डांस
गाने में बॉबी देओल और राज बी. शेट्टी नजर आ रहे हैं। वीडियो में जेल के अंदर एक जश्न का माहौल दिखाया गया है, जहां राज बी. शेट्टी अपने जबरदस्त डांस मूव्स से पूरी महफिल लूटते दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ बॉबी देओल की जिंदगी में चल रही उथल-पुथल और मानसिक संघर्ष को बेहद डार्क अंदाज़ में दिखाया गया है।
बॉबी देओल की डेटिंग लाइफ का दिखा खतरनाक ट्विस्ट
‘पिंजरा’ के विजुअल्स बॉबी देओल के किरदार की उलझी हुई और जुनून से भरी जिंदगी को दिखाते हैं। वीडियो में वह वासना, जुनून और इमोशनल कन्फ्यूजन के भंवर में फंसे नजर आते हैं। सपना पब्बी की रहस्यमयी मौजूदगी पूरे गाने में एक अलग ही डरावना और सस्पेंस भरा माहौल बनाती है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
वीडियो शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, “इस बवाल से बचना नामुमकिन है!! #Pinjara वीडियो अभी आउट हुआ!” इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी दोहराई गई है। सोशल मीडिया पर गाने को लेकर फैंस तेजी से रिएक्शन दे रहे हैं और बॉबी देओल के इस नए अवतार की जमकर तारीफ हो रही है।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है ‘बंदर’
‘पाताल लोक’, ‘कोहरा’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी चर्चित कहानियों के लेखक सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी द्वारा लिखी गई ‘बंदर’ में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आज़ाद, राज बी. शेट्टी, रिद्धि सेन, इंद्रजीत सुकुमारन, जितेंद्र जोशी और नागेश भोंसले जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं।
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
निखिल द्विवेदी के ‘सैफरन मैजिकवर्क्स’ द्वारा निर्मित और ‘ज़ी स्टूडियोज’ के सहयोग से बनी यह फिल्म 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।