Edited By Manisha,Updated: 03 Jun, 2026 10:58 AM
मां है ना शो के बारे में तान्या मित्तल, भाग्यश्री और गुल्लू ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 12 जून से जी5 पर आ रहा है एक नया शो जिसका नाम है मां है ना। इस शो की होस्ट होंगी बॉलीवुड की जानी- मानी अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी। इस शो में कंटेस्टेंट अपनी- अपनी मां के साथ नजर आएंगे और कुकिंग भी करेंगे। शो काफी मनोरंजक होने वाला है जो सभी को पसंद आएगा। इस शो के बारे में तान्या मित्तल, भाग्यश्री और गुल्लू ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार से खास बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...
तान्या मित्तल
सवाल : मां और खाना दोनों एक-दूसरे से बहुत जुड़े हुए हैं। आपकी मम्मी आपको लेकर कैसी हैं? क्या आज भी सबसे ज्यादा चिंता खाने की ही रहती है?
तान्या: नहीं मेरी मम्मी को इन सब चीजों का ज्यादा पता नहीं है। लेकिन सच कहूं तो मुझे लगता है कि मेरी मम्मी जैसी मां इस दुनिया में शायद कोई नहीं हो सकती। मैं अपने आपको बहुत भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे ऐसी मां मिली। मेरे जीवन में ऐसे बहुत मौके आए जब लोगों ने मुझ पर सवाल उठाए, मेरे बारे में बातें कीं, बदतमीजी की। मुझे लगता है कि किसी भी मां के लिए अपनी बेटी के बारे में ऐसी बातें सुनना बहुत मुश्किल होता है। लेकिन मेरी मम्मी ने हर परिस्थिति में मेरा साथ दिया। मेरे लिए तो वो भगवान का अवतार हैं। इतना धैर्य, इतना प्यार और इतनी सहनशीलता हर किसी में नहीं होती।
सवाल : जब आप ऐसी मुश्किल परिस्थितियों से गुजर रही थीं, तब आपकी मम्मी आपको क्या कहती थीं?
तान्या: मेरी मम्मी हमेशा मुझसे कहती हैं कि राम जी ने तुम्हें कुछ खास बनाया है, तभी तुम सबसे अलग हो और सबसे ज्यादा सवाल भी तुम पर ही उठते हैं। मेरे जीवन में जो भी संस्कार हैं, जो भी शक्ति है, वो सब मेरी मां से ही मिली है। मेरे साथ कोई कितना भी गलत व्यवहार कर ले, मैं कभी पलटकर जवाब नहीं देती। मम्मी हमेशा कहती हैं कि हमारे बदले का जवाब राम जी देंगे। हमें अपना रास्ता नहीं छोड़ना चाहिए।
सवाल : जब आपकी मां मुंबई आईं तो उन्होंने क्या खाया या पसंद आया?
तान्या: मेरी मां जब आईं तो वह अपना शेफ साथ लेकर आईं थीं। उन्हें जो खाना होता था वो उनसे बनवा लेती थीं। उनकी टीम और स्टाफ अलग है। हम उन चीजों के पीछे नहीं भागते जिनके पीछे दुनिया भागती है। मेरे मां-पापा जहां भी जाते हैं उनकी टीम साथ ही होती है।
भाग्यश्री
सवाल : आपकी मम्मी की सबसे पसंदीदा डिश कौन-सी है?
भाग्यश्री: उन्हें ज्यादातर कम्फर्ट फूड पसंद है। जो साधारण और घर का बना हुआ खाना होता है, वही उन्हें सबसे अच्छा लगता है।
सवाल : शो में आपकी मम्मी भी आपके साथ आईं। उनका अनुभव कैसा रहा?
भाग्यश्री: मेरी मम्मी बहुत इंट्रोवर्ट हैं। उन्हें लोगों के सामने आना या कैमरे के सामने रहना कभी पसंद नहीं रहा। मैंने उन्हें हमेशा घर और परिवार तक सीमित देखा है। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वो किसी टीवी शो का हिस्सा बनेंगी। इसलिए जब वो मेरे साथ शो में आईं तो मेरे लिए वह बहुत भावुक पल था। मुझे खुशी हुई कि वो पहली बार अपने घर की दुनिया से बाहर निकलीं और कुछ नया अनुभव कर सकीं। मुझे लगा कि कम से कम मुंबई आकर उन्होंने अपने लिए भी कुछ किया।
सवाल : जब आपने कंटेंट क्रिएटर बनने की शुरुआत की थी, तब आपके माता-पिता क्या कहते थे?
भाग्यश्री: मैं पढ़ाई में अच्छी थी। इसलिए मेरे माता-पिता हमेशा चाहते थे कि मैं पढ़ाई करूं और कोई अच्छी सरकारी नौकरी करूं। उनकी सोच थी कि सरकारी नौकरी में स्थिरता होती है, पेंशन होती है और जीवन सुरक्षित रहता है। इसलिए शुरुआत में मम्मी हमेशा कहती थीं फोन क्यों चला रही हो? पढ़ाई करो। लेकिन आज वही मम्मी खुद फोन पर रहती हैं और सोशल मीडिया देखती हैं।
सवाल : क्या शो के बाद आपकी मम्मी की सोच में बदलाव आया?
भाग्यश्री: हां, काफी बदलाव आया है। पहले वो कई चीज़ों को लेकर बहुत पारंपरिक सोच रखती थीं। अब वो समझती हैं कि समय बदल चुका है। कपड़ों को लेकर भी उनकी सोच पहले जैसी नहीं रही। अब वो कई चीज़ों को ज्यादा खुले नजरिए से देखने लगी हैं।
सवाल- मां ने परिवार के लिए कई त्याग किए। उनके संघर्षों से आपने क्या सीखा और आज की पीढ़ी को क्या संदेश देना चाहेंगी?
जवाब- मुझे लगता है कि "हाउसवाइफ" शब्द उनके योगदान को पूरी तरह नहीं दर्शाता, क्योंकि घर संभालना किसी भी नौकरी से कम नहीं होता। मेरी मां ने परिवार के लिए बहुत त्याग किए। उस समय हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। मेरे पापा ने लोन लेकर जमीन खरीदी और घर बनाया, जबकि मां ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाली। वह अपने जीवन में कुछ करना चाहती थीं, उन्हें सिंगर बनना था और टीचिंग में भी रुचि थी, लेकिन परिस्थितियों की वजह से उनके सपने पूरे नहीं हो सके। उन्होंने मेरी और मेरी बहन की परवरिश करते हुए परिवार को हमेशा प्राथमिकता दी। आज अगर हमें कुछ करने का मौका मिला है, तो हमारी कोशिश है कि मां को वह सम्मान, प्यार और खुशियां दें, जिसकी वह हकदार हैं। मैंने अपने माता-पिता से यही सीखा है कि परिवार के लिए किए गए त्याग और समर्पण की हमेशा कद्र करनी चाहिए।
सवाल : आज की पीढ़ी के लिए आपके माता-पिता से सीखी सबसे बड़ी सीख क्या है?
भाग्यश्री: मैंने अपने माता-पिता से त्याग करना सीखा है। लेकिन मैं यह भी मानती हूं कि त्याग का मतलब अपनी खुशियों को पूरी तरह खत्म कर देना नहीं है। मेरे माता-पिता ने हमेशा हमारे लिए बहुत कुछ छोड़ा, लेकिन आज मैं चाहती हूं कि वो अपने लिए जिएं, अपनी पसंद की चीज़ें करें और अपनी जिंदगी का आनंद लें।
गुल्लू
सवाल : आपके लिए मां का रिश्ता क्या मायने रखता है?
गुल्लू: मेरे लिए मां का रिश्ता पहले भी बहुत खास था, लेकिन अब और ज्यादा हो गया है। एक बात हर घर में समान होती है। पापा पूछ सकते हैं कि कितना कमा रहे हो, क्या कर रहे हो, भविष्य की क्या योजना है। लेकिन मां सिर्फ यही पूछेगी कैसा है? खाना खाया या नहीं? मां के लिए दुनिया की सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि उसका बच्चा ठीक है या नहीं। पहली बार उन्होंने फ्लाइट में सफर किया और सीधे शो में आईं। उनके लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था। जीवन में हम अपने लिए बहुत कुछ कर लेते हैं, लेकिन जब माता-पिता को गर्व महसूस होता है, वह एहसास अलग ही होता है।
सवाल : आपके लिए मां को लेकर नजरिया बदला है?
गुल्लू: हां बिल्कुल बदला है। मैं कहीं भी खाना खा लूं, लेकिन मां के हाथ के खाने का स्वाद कहीं नहीं मिलता। जब हम घर से दूर रहते हैं, तब समझ आता है कि मां का प्यार क्या होता है। उनके लिए प्यार का सबसे बड़ा तरीका यही होता है कि बच्चा पेट भरकर खाना खाए।
सवाल : शिल्पा शेट्टी बतौर होस्ट कैसी थीं?
गुल्लू: वो बहुत स्वीट और फन लविंग हैं। उनकी वन-लाइनर्स बहुत अच्छी थीं। वो बहुत अच्छा कॉमेडी टाइमिंग रखती हैं।