Edited By Mansi,Updated: 29 Jul, 2026 03:59 PM

7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म 'ओह्ह माय डॉग' रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है। नई दिल्ली में फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें पशु अधिकार कार्यकर्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने शिरकत की।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म 'ओह्ह माय डॉग' रिलीज से पहले ही चर्चा में बनी हुई है। नई दिल्ली में फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें पशु अधिकार कार्यकर्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने शिरकत की। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी कहानी, संदेश और प्रस्तुति की जमकर सराहना करते हुए इसे हर स्कूल में दिखाए जाने और टैक्स-फ्री किए जाने की मांग की।
दिल्ली में आयोजित हुई फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आयोजित इस विशेष स्क्रीनिंग में फिल्म के निर्देशक और निर्माता अमित राय के अलावा अभिनेता राजेश कुमार और पवन मल्होत्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान फिल्म की पूरी टीम ने मेहमानों के साथ फिल्म के संदेश और उसके उद्देश्य पर चर्चा की।
मेनका गांधी ने फिल्म की खुलकर की तारीफ
फिल्म देखने के बाद मेनका गांधी ने 'ओह्ह माय डॉग' की कहानी और उसके भावनात्मक पहलू की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म इंसानों और कुत्तों के बीच के रिश्ते को बेहद संवेदनशील और प्रभावशाली तरीके से दिखाती है। उन्होंने कहा, "यह फिल्म बहुत अच्छी है। यह मेरे द्वारा देखी गई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक है। कहानी को बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है। इसे हर स्कूल में दिखाया जाना चाहिए और इसे टैक्स-फ्री किया जाना चाहिए।"
करुणा और संवेदनशीलता का संदेश देती है फिल्म
स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म की टीम ने बताया कि 'ओह्ह माय डॉग' केवल एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को प्रेम, दया, देखभाल और करुणा जैसे मानवीय मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है।
निर्माताओं के मुताबिक फिल्म इंसानों और कुत्तों के बीच बनने वाले खास रिश्ते को दर्शाती है और यह बताती है कि रोजमर्रा की जिंदगी में संवेदनशीलता और सहानुभूति कितनी जरूरी है।
अमित राय बोले- मेनका गांधी की सराहना हमारे लिए सम्मान
फिल्म के निर्देशक अमित राय ने मेनका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली में भारी बारिश के बावजूद उनका फिल्म देखने आना पूरी टीम के लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा, "दिल्ली में भारी बारिश के बावजूद मेनका जी फिल्म देखने आईं और उनके शब्दों में मिली सराहना हमारी पूरी टीम के लिए बेहद उत्साहवर्धक है। हमने 'ओह्ह माय डॉग' को दया और करुणा के दिल को छू लेने वाले संदेश के साथ बनाया है। उम्मीद है कि दर्शक फिल्म देखने के बाद इन भावनाओं को अपने साथ लेकर जाएंगे।"
ट्रेलर को मिल चुका है शानदार रिस्पॉन्स
फिल्म की यह विशेष स्क्रीनिंग उसके ट्रेलर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद आयोजित की गई। ट्रेलर को दर्शकों ने इसकी भावनात्मक कहानी, दिल को छू लेने वाली प्रस्तुति और सार्थक संदेश के लिए काफी पसंद किया है। रिलीज से पहले फिल्म की टीम देश के अलग-अलग शहरों में प्रमोशनल कैंपेन के जरिए दर्शकों से लगातार जुड़ रही है।
फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
'ओह्ह माय डॉग' का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने बाबूलाल बिस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलख्याना बरुआ और विजय मिश्रा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में कैनाइन स्टार्स ऑस्कर और ब्रूनो के साथ 250 से अधिक कुत्ते भी दिखाई देंगे।
7 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
'ओह्ह माय डॉग' 7 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म निर्माता इसे हर उम्र के दर्शकों के लिए एक भावनात्मक, मनोरंजक और दिल को छू लेने वाला सिनेमाई अनुभव बताते हैं। प्रेम, संवेदनशीलता और इंसानियत का संदेश देने वाली यह फिल्म रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता का विषय बनी हुई है।