Edited By Manisha,Updated: 26 Aug, 2026 02:50 PM

फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का भक्तिमय गीत ‘सिया राम’ हिंदी और छत्तीसगढ़ी दोनों भाषाओं में रिलीज हो गया है। जावेद अली और अनुराग शर्मा की आवाज से सजे इस गीत में श्रीराम और माता सीता के प्रेम, भक्ति और समर्पण की भावनाओं को खूबसूरती से पेश किया...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अपकमिंग फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का नया गाना ‘सिया राम’ रिलीज हो गया है। भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रेम, भक्ति और अटूट विश्वास को समर्पित यह गीत हिंदी और छत्तीसगढ़ी, दोनों भाषाओं में जारी किया गया है। हिंदी वर्जन को मशहूर सिंगर जावेद अली ने अपनी आवाज दी है, जबकि छत्तीसगढ़ी वर्जन अनुराग शर्मा ने गाया है। खास बात यह है कि फिल्म और इसके गानों की शूटिंग हिंदी और छत्तीसगढ़ी दोनों भाषाओं में एक साथ की गई है।
जावेद अली बोले- यह सिर्फ गाना नहीं, एक प्रार्थना है
‘सिया राम’ के हिंदी वर्जन में जावेद अली की आवाज गीत को भावनात्मक और आध्यात्मिक रंग देती है। अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए जावेद अली ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक प्रार्थना की तरह है। उन्होंने कहा कि सीता और राम के नाम गाते हुए उन्हें आत्मसमर्पण और शांति का गहरा अनुभव हुआ। सिंगर के मुताबिक, भक्ति संगीत केवल शब्दों को आवाज देना नहीं, बल्कि उसमें खुद का एक हिस्सा समर्पित करना है।
छत्तीसगढ़ी वर्जन में दिखी क्षेत्रीय मिठास
गाने के छत्तीसगढ़ी वर्जन को अनुराग शर्मा ने अपनी आवाज दी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ी भाषा में एक सहज मिठास और विनम्रता है, जिसने इस गीत को उनके लिए बेहद खास बना दिया। अनुराग ने कहा कि भक्ति से जुड़े गीत में केवल सुर सही होना जरूरी नहीं है, बल्कि भावनाओं को भी पूरी ईमानदारी से पेश करना होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘सिया राम’ सुनने के बाद लोगों को शांति और सकारात्मकता का एहसास होगा।
आशीष और देव ने किया कंपोज, जयदेव जोंवाल ने लिखे बोल
‘सिया राम’ को आशीष और देव ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल जयदेव जोंवाल ने लिखे हैं। गाने को Divo Music के बैनर तले रिलीज किया गया है। दोनों भाषाओं में रिलीज हुए इस गीत में श्रीराम और माता सीता के रिश्ते की प्रेम, आस्था और समर्पण से जुड़ी भावनाओं को संगीत के जरिए पेश किया गया है।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ को AJ Film Entertainment World प्रस्तुत कर रहा है और यह महोबिया फिल्म्स प्रोडक्शन है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है, जबकि प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला इसके निर्माता हैं। फिल्म में देव शर्मा, अंजलि अरोड़ा, शील वर्मा, रजनीश दुग्गल और निर्भय वाधवा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 25 सितंबर 2026 को पूरे भारत में हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।