पेड प्रीव्यू के साथ 'वेलकम टू द जंगल' को मिली शानदार शुरुआत, एडवांस बुकिंग आज से ओपन

Edited By Updated: 23 Jun, 2026 05:14 PM

welcome to the jungle gets solid start advance sales now open

​​​​​​​बॉलीवुड में इस साल तेजी से लोकप्रिय हो रहे पेड प्रीव्यू ट्रेंड को अब अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' ने भी अपनाया है। फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने से एक दिन पहले, यानी 25 जून को पेड प्रीव्यू शो आयोजित करेगी।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड में इस साल तेजी से लोकप्रिय हो रहे पेड प्रीव्यू ट्रेंड को अब अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' ने भी अपनाया है। फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने से एक दिन पहले, यानी 25 जून को पेड प्रीव्यू शो आयोजित करेगी। वहीं, इस कॉमेडी एंटरटेनर की एडवांस बुकिंग आज से शुरू हो गई है। पेड प्रीव्यू शो शाम 7:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे।

इससे पहले 'धुरंधर: द रिवेंज' और  'भूत बंगला' जैसी फिल्मों ने भी रिलीज से पहले पेड प्रीव्यू का प्रयोग किया था। दिलचस्प बात यह है कि 'भूत बंगला'के बाद यह इस साल अक्षय कुमार की दूसरी फिल्म है जिसने यह रणनीति अपनाई है। 'भूत बंगला' ने अपनी आधिकारिक रिलीज से पहले आयोजित पेड प्रीव्यू के जरिए 3.65 करोड़ रुपये नेट की कमाई की थी।

जहां पेड प्रीव्यू का उद्देश्य शुरुआती दर्शकों के बीच सकारात्मक वर्ड-ऑफ-माउथ बनाना माना जाता है, वहीं अब यह पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को बढ़ाने का भी एक अहम जरिया बन चुका है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अब पेड प्रीव्यू की कमाई को अक्सर पहले दिन के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में शामिल किया जाता है, जबकि पहले इन्हें अलग से रिपोर्ट किया जाता था। खासकर बड़ी फिल्मों के लिए यह रणनीति शुरुआती दिनों की कमाई को और मजबूत बना सकती है।

इंडस्ट्री ट्रैकर्स के अनुसार फिल्म की पहले दिन की कमाई 22 से 26 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में पेड प्रीव्यू इस आंकड़े को और मजबूती दे सकते हैं। फिल्म के निर्माता आज से शुरू हुई एडवांस बुकिंग के जरिए भी शानदार प्री-सेल्स की उम्मीद कर रहे हैं। फिल्म की अवधि 2 घंटे 28 मिनट तय की गई है और यह लोकप्रिय 'वेलकम' फ्रेंचाइज़ी की तीसरी किस्त है।

निर्देशक अहमद खान की इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान (अर्जुन), स्वर्गीय पंकज धीर जी, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोडवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली जैसे कलाकारों की दमदार स्टारकास्ट नजर आएगी।

'वेलकम टू द जंगल' को ए.ए. नाडियाडवाला, केप ऑफ गुड फिल्म्स और स्टार स्टूडियो18 द्वारा सीता फिल्म्स एवं राकेश डांग के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है। यह बेस इंडस्ट्रीज ग्रुप प्रोडक्शन है, जिसे राकेश डांग और वेदांत विकास बाली ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म के निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला हैं। 'वेलकम टू द जंगल' 26 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!