Edited By Pardeep,Updated: 27 Sep, 2026 06:13 AM

बांग्लादेश के मयमनसिंह में एक और हिंदू नागरिक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मयमनसिंह के बेगुनबाड़ी इलाके में एक स्लुइस गेट के पास पानी में तैरते हुए एक ड्रम से 50 वर्षीय ज्वैलरी शॉप के मालिक निरंजन चंद्र सूत्रधार का शव बरामद किया...
इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश के मयमनसिंह में एक और हिंदू नागरिक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मयमनसिंह के बेगुनबाड़ी इलाके में एक स्लुइस गेट के पास पानी में तैरते हुए एक ड्रम से 50 वर्षीय ज्वैलरी शॉप के मालिक निरंजन चंद्र सूत्रधार का शव बरामद किया गया है।
जेब में मिले टोकन ने खोला राज
बुधवार को स्थानीय लोगों ने पानी में एक ड्रम तैरते हुए देखा, जिसके अंदर कपड़े में लिपटा हुआ एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस को तलाशी के दौरान शव की पैंट की जेब से 'मयमनसिंह हिंदू कोऑपरेटिव क्रेडिट यूनियन लिमिटेड' का एक टोकन प्राप्त हुआ। पुलिस ने इस टोकन के जरिए संबंधित संस्था से संपर्क साधा, जिसके बाद मृतक की पहचान निरंजन चंद्र सूत्रधार के रूप में हो सकी।
पत्नी और बेटे ने की शव की शिनाख्त
निरंजन चंद्र सूत्रधार मयमनसिंह शहर के अठारबाड़ी बिल्डिंग इलाके में साझे में एक ज्वेलरी की दुकान चलाते थे। वे स्टेडियम इलाके में एक किराए के मकान में अपनी पत्नी सुमिता रानी सूत्रधार और बेटे जॉय सूत्रधार के साथ रहते थे। गुरुवार शाम को मृतक की पत्नी और बेटे ने शव की पहचान की पुष्टि की। कोतवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर रूहल अमीन ने बताया कि क्रेडिट यूनियन के टोकन के जरिए परिजनों तक पहुंचकर पहचान सुनिश्चित की गई।
20 सितंबर से थे लापता, सिर और छाती पर मिले गंभीर निशान
निरंजन गत 20 सितंबर से लापता थे, लेकिन उनके पूर्व में भी तीन-चार दिनों के लिए बाहर रहने की आदत के कारण परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। शव के निरीक्षण में सिर और छाती पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं। कोतवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के इंचार्ज मुहम्मद शिबिरुल इस्लाम के अनुसार, शुरुआती जांच में यह स्पष्ट रूप से हत्या कर शव को ड्रम में भरकर पानी में फेंकने का मामला प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।