Edited By Tanuja,Updated: 02 Nov, 2026 01:39 PM

दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में शामिल फिनलैंड 16 सिंगल लोगों को 9 से 19 फरवरी 2027 तक मुफ्त यात्रा कराएगा। विजिट फिनलैंड के इस अभियान में फ्लाइट, होटल और भोजन का खर्च उठाया जाएगा। प्रतिभागियों को स्थानीय सिंगल लोगों के साथ ब्लाइंड डिनर डेट का मौका...
Helsinki: अगर आप सिंगल हैं और विदेश घूमने के साथ अपना हमसफर तलाशने का भी सपना देखते हैं तो फिनलैंड का यह ऑफर आपके लिए खास हो सकता है। दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में शामिल फिनलैंड दुनियाभर के अविवाहित लोगों को मुफ्त यात्रा पर बुला रहा है। इस दौरान न फ्लाइट का खर्च देना होगा, न होटल और खाने का बिल चुकाना पड़ेगा। इतना ही नहीं, यहां पहुंचने पर स्थानीय सिंगल लोगों के साथ खास ब्लाइंड डिनर डेट का मौका भी मिलेगा। फिनलैंड के पर्यटन बोर्ड विजिट फिनलैंड ने इस अनोखे अभियान को 'फिनिश डिनर डेट' नाम दिया है। इसके तहत 16 चुनिंदा लोगों को 9 से 19 फरवरी 2027 तक फिनलैंड की सैर कराई जाएगी। यानी एक तरफ विदेश घूमने का मौका मिलेगा तो दूसरी तरफ खाने की मेज पर किसी खास शख्स से मुलाकात भी हो सकती है।
खाने की मेज पर शुरू होगी प्यार की कहानी
इस अभियान का सबसे दिलचस्प हिस्सा ब्लाइंड डिनर डेट होगा। इसके तहत दूसरे देशों से चुने गए 16 प्रतिभागियों की मुलाकात फिनलैंड के स्थानीय अविवाहित लोगों से कराई जाएगी। ये खास डिनर हेलसिंकी और टाम्परे शहरों में आयोजित होंगे। डिनर में मेहमानों को फिनलैंड के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इनमें जंगली मछलियां, बेरीज और जंगलों से इकट्ठा किए गए मशरूम शामिल होंगे। खास बात यह है कि इन व्यंजनों का मेन्यू देश के जाने-माने शेफ तैयार करेंगे।इसका मकसद सिर्फ लोगों को डेटिंग का मौका देना नहीं, बल्कि फिनलैंड की खानपान संस्कृति और वहां के रहन-सहन से भी दुनिया को परिचित कराना है।
क्यों शुरू किया अनोखा अभियान?
फिनलैंड की इस पहल के पीछे वहां तेजी से लोकप्रिय हो रहा एक डेटिंग ट्रेंड भी है। इसे 'सिंकुककोरी' यानी सिंगल बास्केट कहा जाता है। दरअसल, फिनलैंड के कुछ सुपरमार्केट में गुलाबी रंग की खरीदारी वाली टोकरियां रखी गई हैं। इनका इस्तेमाल वे लोग करते हैं जो सिंगल हैं और नए लोगों से मिलने या डेटिंग करने में दिलचस्पी रखते हैं। ऐसे में खरीदारी के दौरान अगर किसी व्यक्ति के हाथ में गुलाबी टोकरी दिखाई देती है तो यह संकेत माना जा सकता है कि वह नए लोगों से बातचीत करने के लिए तैयार है। विजिट फिनलैंड ने इसी दिलचस्प चलन को आगे बढ़ाते हुए खाने और मुलाकात के जरिए लोगों को जोड़ने की कोशिश की है।इस अभियान के तहत चुने गए 16 प्रतिभागियों को 9 से 19 फरवरी 2027 तक फिनलैंड में रहने का मौका मिलेगा।। इस दौरान वे फिनलैंड की खूबसूरती देखने के साथ वहां के स्थानीय खानपान और संस्कृति का अनुभव भी कर सकेंगे। बिजनेस फिनलैंड में अंतरराष्ट्रीय विपणन की वरिष्ठ निदेशक हेली जिमेनेज के मुताबिक, फिनलैंड का खाना वहां के जीवन जीने के तरीके को दर्शाता है। वहां लोग खाने के जरिए प्रकृति, मौसम और एक-दूसरे से जुड़ते हैं। इस अभियान के जरिए दुनिया के यात्रियों को भी इसी अनुभव से जोड़ना है।
आवेदन के नियम
इस अभियान में दुनिया के किसी भी देश के 18 साल या उससे अधिक उम्र के अविवाहित वयस्क आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आवेदक फिनलैंड का निवासी नहीं होना चाहिए और आवेदन व्यक्तिगत रूप से करना होगा।
आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें और शर्तें:
- आवेदन की अंतिम तारीख: 10 नवंबर 2026, फिनलैंड के समय के अनुसार रात 11:59 बजे।
- चुने गए प्रतिभागियों की घोषणा: 1 दिसंबर 2026।
- यात्रा की तारीख: 9 से 19 फरवरी 2027।
- कुल चयन: 16 सिंगल प्रतिभागी।
- खर्च: हवाई यात्रा, होटल, भोजन और गतिविधियों का खर्च विजिट फिनलैंड उठाएगा।
इस अनोखी मुफ्त यात्रा के लिए आवेदन करने का तरीका भी दिलचस्प है। इच्छुक लोगों को सबसे पहले अंग्रेजी में एक छोटा वीडियो बनाना होगा। इस वीडियो में एक सवाल का जवाब देना होगा- अगर आपको किसी के लिए डिनर डेट तैयार करनी हो तो आप क्या खाना परोसेंगे और क्यों? इसके बाद इस वीडियो को अपने सार्वजनिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करना होगा। इसके लिए इंस्टाग्राम, टिकटॉक या यूट्यूब का इस्तेमाल किया जा सकता है। पोस्ट में #FinnishDinnerDate हैशटैग लगाना और विजिट फिनलैंड को टैग करना जरूरी है। चुने गए लोगों के नाम 1 दिसंबर 2026 को विजिट फिनलैंड के इंस्टाग्राम और टिकटॉक अकाउंट पर घोषित किए जाएंगे। इस अभियान में ब्लाइंड डेट को किसी औपचारिक या दबाव वाले कार्यक्रम की तरह नहीं रखा गया है। सभी लोग साथ बैठकर खाना खाएंगे और एक-दूसरे को जानने का मौका मिलेगा।