Edited By Tanuja,Updated: 18 Apr, 2026 01:33 PM

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य में कड़े नियम लागू किए हैं। केवल नागरिक जहाजों को ईरानी मार्गों से गुजरने की अनुमति होगी, जबकि सैन्य जहाजों पर रोक है। यह कदम डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखने के बीच...
International Desk: ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर सख्त नियम लागू कर दिए हैं। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखी हुई है। ईरान की सेना की खास इकाई इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने साफ कहा है कि अब केवल नागरिक जहाज (commercial ships) ही होर्मुज से गुजर सकेंगे, वह भी ईरान द्वारा तय किए गए रास्तों से।
IRGC के अनुसार, कोई भी सैन्य जहाज (military ship) इस जलडमरूमध्य से नहीं गुजर सकता। इसके अलावा, हर जहाज को पहले ईरानी नौसेना से अनुमति लेनी होगी, तभी उसे आगे बढ़ने दिया जाएगा। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने भी कहा है कि होर्मुज से गुजरने के नियम अब पूरी तरह तेहरान तय करेगा।
ईरान ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर मौजूदा युद्धविराम टूटा, तो हालात “40 दिन के युद्ध” जैसे हो सकते हैं। ऐसे में व्यापारिक जहाजों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद की जा सकती है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जब तक ईरान के साथ पूरा समझौता नहीं होता, तब तक अमेरिका की नौसैनिक नाकाबंदी जारी रहेगी।होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह का तनाव बढ़ने से वैश्विक तेल सप्लाई और कीमतों पर सीधा असर पड़ सकता है।