Edited By Tanuja,Updated: 29 Jun, 2026 07:31 PM

पाकिस्तान में भारतीय रेलवे की एक पुरानी बोगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। माना जा रहा है कि यह बोगी कभी समझौता एक्सप्रेस का हिस्सा रही होगी, जो 2019 से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच चलती थी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
International Desk: पाकिस्तान में एक व्लॉगर द्वारा भारतीय रेलवे की एक पुरानी बोगी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में व्लॉगर बोगी के अंदर जाकर उसका इंटीरियर, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं दिखाता नजर आता है। वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वीडियो में पाकिस्तानी व्लॉगर एक ऐसी रेल बोगी के अंदर प्रवेश करता है, जिस पर भारतीय रेलवे से जुड़े चिन्ह दिखाई देते हैं। वह बोगी के अंदर मौजूद सीटें, गार्ड कंपार्टमेंट और वॉशरूम दिखाते हुए आश्चर्य व्यक्त करता है कि यह भारतीय रेलवे की बोगी पाकिस्तान में मौजूद है। वीडियो में वह कई बार कहता है कि उसे पाकिस्तान में भारतीय रेलवे की बोगी देखकर खुशी हो रही है।
हालांकि इस बोगी की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह समझौता एक्सप्रेस की पुरानी बोगी हो सकती है। समझौता एक्सप्रेस 22 जुलाई 1976 से भारत के अटारी और पाकिस्तान के लाहौर के बीच चलती थी। यह रेल सेवा दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही का महत्वपूर्ण माध्यम थी। फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले और उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के चलते रेल सेवा प्रभावित हुई। बाद में अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद दोनों देशों के बीच रेल परिचालन पूरी तरह बंद हो गया।इससे पहले भी 2001 के भारतीय संसद हमले के बाद, 2007 में पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद और 2019 के सुरक्षा तनाव के दौरान समझौता एक्सप्रेस का संचालन अस्थायी रूप से रोका जा चुका था।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने मजाकिया टिप्पणियां कीं। कुछ यूजर्स ने लिखा कि यह भारत की पुरानी बोगी है जिसे वर्षों पहले सेवा से हटा दिया गया था, जबकि अन्य ने भारत की आधुनिक ट्रेनों, विशेषकर वंदे भारत एक्सप्रेस, का उल्लेख करते हुए टिप्पणियां कीं। पाकिस्तानी शख्स की कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने सलाह दी कि भाई इस ट्रेन को बेच लो, आधा पाकिस्तान अमीर हो जाएगा। दूसरे यूजर ने लिखा कि अरे ये ट्रेन हमने तुम्हें भीख में दी है, एंजॉय। तीसरे यूजर का कमेंट था कि ‘भारत पहले ही इस ट्रेन को रिटायर कर चुका है।’ चौथे यूजर ने पाकिस्तानी को कहा कि ‘भीख मांगने वाले चुनने का अधिकार नहीं रखते।’
