Edited By Tanuja,Updated: 28 Mar, 2026 02:57 PM

यूएई की वायु रक्षा प्रणाली द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराने के बाद उसका मलबा अबू धाबी के Khalifa Economic Zones क्षेत्र में गिरा, जिससे पांच भारतीय नागरिक घायल हो गए। इससे पहले ऐसी ही एक घटना में एक भारतीय की मौत भी हो चुकी थी।
International Desk: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बैलिस्टिक मिसाइल को वायु रक्षा प्रणाली द्वारा हवा में ही मार गिराए जाने के बाद उसका मलबा अबू धाबी के खलीफा आर्थिक क्षेत्र Khalifa Economic Zones (KEZAD) क्षेत्र के पास गिर गया, जिससे पांच भारतीय नागरिक घायल हो गए। अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में इस बात की पुष्टि की और लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें तथा अफवाहों से बचें।
अधिकारियों के अनुसार, वायु रक्षा प्रणाली ने मिसाइल को उसके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले सफलतापूर्वक रोक दिया, लेकिन उसके मलबे के गिरने से आसपास आग लगने की दो घटनाएं भी हुईं। दमकल और आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यह पहली ऐसी घटना नहीं है। इससे पहले भी अबू धाबी में इंटरसेप्ट की गई मिसाइल का मलबा सड़क पर गिरने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। भारतीय दूतावास ने घायल भारतीयों और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि वह UAE अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।