Edited By Anu Malhotra,Updated: 03 Mar, 2026 08:39 AM

उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेस-वे पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला मंजर देखने को मिला। त्यौहार के लिए अपने घर लौट रहे लोगों के अरमानों पर काल ने ऐसी झपट्टा मारा कि पल भर में सब कुछ बिखर गया। हाथरस जिले के सादाबाद इलाके में आने वाले मिढ़ावली के पास...
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेस-वे पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला मंजर देखने को मिला। त्यौहार के लिए अपने घर लौट रहे लोगों के अरमानों पर काल ने ऐसा झपट्टा मारा कि पल भर में सब कुछ बिखर गया। हाथरस जिले के सादाबाद इलाके में आने वाले मिढ़ावली के पास एक तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण टक्कर में वैन सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन के करीब लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब दिल्ली से धौलपुर की ओर जा रही बस ने अपना नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दहल उठे। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि सभी मृतक राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी थे और होली का त्यौहार मनाने अपने परिवार के पास जा रहे थे।