Edited By Sahil Kumar,Updated: 19 Oct, 2026 01:00 PM

राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में नाहरपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
अलवरः राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में नाहरपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि यह घटना रविवार रात की है।
मृतका की पहचान कुमकुम निवासी वृंदावन (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी मेव मोहल्ला, नाहरपुर, अलवर के रूप में हुई है। वह वृंदावन निवासी योगेश चौधरी के साथ पिछले करीब डेढ़ वर्ष से नाहरपुर में रंजीत सिंह के मकान की ऊपरी मंजिल पर किराए से रह रही थी। पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों ने कुमकुम को कई घंटों तक पलंग पर पड़ा देखा। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी।
मकान मालिक के मौके पर पहुंचने पर युवती पलंग पर मरी मिली। उसके पास ही मोबाइल फोन टूटा हुआ पड़ा था। शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले, लेकिन घटनास्थल के हालात के अनुसार मामला संदिग्ध लग रहा है। थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल ने बताया कि मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
शुरुआती जांच के अनुसार संभवत: पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसके बाद युवती के साथ वारदात हुई। युवती के साथ रह रहा योगेश चौधरी मौके से फरार है और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के शवगृह में रखवा दिया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को पोस्टमाटर्म कराया जाएगा।