Edited By Sanjeev,Updated: 31 Oct, 2026 10:11 AM

MBA करने के लिए लंदन गई 34 वर्षीय एक महिला पुणे के एक किराए के फ्लैट में मृत पाई गई। उसने अपने परिवार को बताए बिना चुपके से भारत वापसी कर ली थी। उसके माता-पिता, जिन्हें लग रहा था कि वह अभी भी UK में है, को उसके बैंक स्टेटमेंट चेक करने पर पता चला कि...
पुणे : MBA करने के लिए लंदन गई 34 वर्षीय एक महिला पुणे के एक किराए के फ्लैट में मृत पाई गई। उसने अपने परिवार को बताए बिना चुपके से भारत वापसी कर ली थी। उसके माता-पिता, जिन्हें लग रहा था कि वह अभी भी UK में है, को उसके बैंक स्टेटमेंट चेक करने पर पता चला कि वह भारत में है। उन्होंने देखा कि उसके अकाउंट से फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म पर ट्रांजैक्शन हुए हैं।
छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली मुग्धा अविनाश देशमुख, गुरुवार को पिंपरी चिंचवड़ के गहुंजे स्थित 'लोढ़ा बेलमोंडो' रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स के अपने फ्लैट में मृत पाई गईं। पुलिस ने बताया कि उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं और मौत के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार देशमुख जुलाई 2025 में MBA करने के लिए UK गई थीं। हालांकि वह इस साल अगस्त में ही भारत लौट आई थीं और तब से अपने माता-पिता को बताए बिना पुणे में रह रही थीं।
देशमुख का परिवार फोन कॉल और मैसेज के जरिए उसके संपर्क में था और उन्हें यही लगता था कि वह लंदन में पढ़ाई कर रही है। हालांकि 24 अक्टूबर को वे उससे संपर्क नहीं कर पाए जिसके बाद उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद उसके पिता अविनाश देशमुख ने लंदन में रहने वाली उसकी एक सहेली से संपर्क किया ताकि उसके बारे में कुछ पता चल सके। न्यूज एजेंसी 'प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया' (PTI) के एक अधिकारी के अनुसार उस सहेली ने परिवार को बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बार 22 अक्टूबर को मैसेज पर बात हुई थी।
उस सहेली ने लंदन पुलिस से संपर्क करके उसके लापता होने की सूचना दी, लेकिन उसे बताया गया कि देशमुख अगस्त के आखिर में ही UK से निकल गई थीं। इसके बाद परिवार ने मदद के लिए भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से संपर्क किया। उनके पिता ने उनके बैंक स्टेटमेंट की जांच की और पाया कि 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म पर कई ट्रांजैक्शन हुए थे। इनमें से एक ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से होने का संदेह था जिससे परिवार को लगा कि शायद वह भारत वापस आ गई हैं।
उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित परिवार ने छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया जिसने उनकी लोकेशन का पता लगाना शुरू कर दिया। छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने देशमुख की लोकेशन का पता गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में लगाया और पिंपरी चिंचवड़ की स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। पिंपरी चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर देवेंद्र चव्हाण ने पीटीआई को बताया, 'छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने मुग्धा की लोकेशन गहुंजे के लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की। हम उस फ्लैट तक पहुंचे जहां वह रह रही थीं, एक ताला खोलने वाले की मदद से अंदर गए और उन्हें मृत पाया।'
पुलिस ने बताया कि अपार्टमेंट के अंदर मिले शव पर चोट का कोई बाहरी निशान नहीं था। मौत का सही कारण जानने के लिए उनके आंतरिक अंगों के सैंपल सुरक्षित रख लिए गए हैं। चव्हाण के अनुसार देशमुख ने अप्रैल में यह अपार्टमेंट किराए पर लिया था, लेकिन अगस्त में यूके से लौटने के बाद ही वह वहां रहने लगी थीं। पुलिस देशमुख की मौत और उनके भारत लौटने से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम से मौत के कारण का पता नहीं चल सका है और आगे की मेडिकल जांच से यह समझने में मदद मिलने की उम्मीद है कि असल में क्या हुआ था। जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि लंदन से लौटने के बाद उनकी गतिविधियां क्या थीं और किन परिस्थितियों में वह अपने परिवार को बताए बिना पुणे में रह रही थीं।