Edited By ,Updated: 04 Mar, 2017 10:57 AM

आल इंडिया बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के नेता सैय्यद शाहबुद्दीन का आज सुबह निधन हो गया है। वह 82 वर्ष के थे।
नई दिल्ली: आल इंडिया बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के नेता सैय्यद शाहबुद्दीन का आज सुबह निधन हो गया है। वह 82 वर्ष के थे। उनके परिवार में पांच बेटियां हैं। शहाबुद्दीन के दामाद तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अफजल अमानुल्लाह ने बताया कि उन्हें सांस लेने की तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन आज सुबह करीब पांच बजकर 30 मिनट पर उनका निधन हो गया। उन्हें आज यहां जोहर नमाज के बाद करीब 1.30 बजे तत्फीम किया जाएगा।
देश भर में सुर्खियों में छाया रहा शहाबुद्दीन का नाम
राजनयिक, राजदूत और राजनेता के तौर पर जाने जाने वाले शहाबुद्दीन का जन्म 1935 में हुआ और बिहार स्कूल परीक्षा समित की मैट्रिक की परीक्षा के टॉपर रहे। वर्ष 1958 में भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के लिए चुने गए। वर्ष 1978 में उन्होंने भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) से इस्तीफा देकर राजनीति में प्रवेश किया। वह लोकसभा और राज्य सभा के सदस्य रहे। शहाबुद्दीन का नाम शाह बानो केस और बाबरी मस्जिद विध्वंश के बाद देश भर में सुर्खियों में छाया रहा। उन्होंने बाबरी मस्जिद गिराये जाने के बाद लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा भी दे दिया था। उन्होंने 1989 में इंसाफ पार्टी का गठन किया था जिसे एक साल के भीतर ही भंग भी कर दिया था। वे भारत के संघीय ढ़ांचे के पैरोकार के तौर पर भी जाने जाते हैं और उनकी राय में शासन के हर स्तर पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी होनी चाहिए थी।
कई मुस्लिम संस्थानों और संगठनों से भी जुड़े हुए थे शहाबुद्दीन
वह कई मुस्लिम संस्थानों और संगठनों से भी जुड़े हुए थे। वह ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस-ए-मुसावरात के 2004 से 2007 के बीच अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने 1983 से 2002 के बीच और जुलाई 2006 से मासिक जरनल मुस्लिम इंडिया के रिसर्च का संपादन भी किया। वह ताजा घटनाक्रमों पर टीवी पर होने वाली बहसों में भी लगातार भाग लेते रहे। उन्होंने पाकिस्तान से लेकर सऊदी अरब के कई समाचारपत्रों में विभिन्न विषयों पर कई लेख भी लिखे। सैयद शहाबुद्दीन की एक पुत्री परवीन अमानुल्लाह, जो अफजल की पत्नी हैं, वर्तमान में आम आदमी पार्टी की बिहार की नेता हैं। वह बिहार की नीतीश सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक स्वर्गीय शहाबुद्दीन को लोदी रोड कब्रिस्तान में दोपहर एक बजकर 30 मिनट में दफनाया जाएगा।