Edited By Rahul Singh,Updated: 20 Oct, 2026 03:02 PM

बीजेपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा को लेकर कटाक्ष किया। पार्टी की पोस्ट में लिखा गया, "झूठ फैलाते-फैलाते थक गया, कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसी को क्या ही पता चलेगा!"
नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित वियतनाम यात्रा को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर राहुल गांधी के विदेश दौरे पर निशाना साधा और उन पर राजनीतिक मुद्दों के बीच देश से बाहर जाने का आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी के सवालों को बेवजह बताते हुए कहा कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान छात्रों, बुद्धिजीवियों और अन्य लोगों से संवाद करते हैं। यह विवाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी राजनीतिक टकराव के बीच सामने आया है। बीजेपी ने राहुल गांधी की यात्रा को लेकर तंज कसा, जिसके बाद पार्टी के कई नेताओं ने भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधा।
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर साधा निशाना
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए राहुल गांधी की वियतनाम यात्रा को लेकर कटाक्ष किया। पार्टी की पोस्ट में लिखा गया, "झूठ फैलाते-फैलाते थक गया, कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसी को क्या ही पता चलेगा!" इसके बाद बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल उठाए और उनके दौरे के उद्देश्य पर स्पष्टीकरण मांगा। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि राहुल गांधी पहले भी राजनीतिक गतिविधियों के बाद विदेश यात्राओं पर जाते रहे हैं। उन्होंने बिहार में यात्रा के बाद राहुल गांधी के विदेश जाने का जिक्र करते हुए कहा कि संभव है कि इस बार भी वह वियतनाम गए हों।
शाजिया इल्मी ने राहुल गांधी पर लगाए आरोप
बीजेपी नेता शाजिया इल्मी ने राहुल गांधी की यात्रा को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ज्यादा समय तक राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय नहीं रहते और जल्द ही विदेश दौरे पर निकल जाते हैं। उन्होंने वोट चोरी के मुद्दे को बहाना बताते हुए राहुल गांधी की यात्रा को पर्यटन से जोड़कर टिप्पणी की। शाजिया इल्मी ने कहा कि राहुल गांधी दो सप्ताह भी काम नहीं कर पाए और फिर विदेश यात्रा पर निकल गए।
राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं का ब्योरा दें: बीजेपी
बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपना काफी समय विदेश यात्राओं में बिताते हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी भारत में किसी मुद्दे पर विवाद खड़ा करने के बाद विदेश चले जाते हैं। खंडेलवाल ने राहुल गांधी से पिछले दो-तीन वर्षों में की गई विदेश यात्राओं का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि इन यात्राओं के दौरान राहुल गांधी किन लोगों से मिलते हैं और उनके खर्च का भुगतान कौन करता है। बीजेपी सांसद ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और एक सार्वजनिक हस्ती हैं। ऐसे में जनता को उनकी विदेश यात्राओं के उद्देश्य और खर्च से जुड़ी जानकारी मिलनी चाहिए। बीजेपी प्रवक्ता यासिर जिलानी ने भी राहुल गांधी की यात्रा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता को बताना चाहिए कि वह विदेश क्यों गए हैं और उनका दौरा नेता प्रतिपक्ष के तौर पर है या निजी छुट्टी के लिए।
कांग्रेस ने बीजेपी के आरोपों पर किया पलटवार
बीजेपी के हमलों पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी की विदेश यात्रा से बीजेपी को आखिर परेशानी क्यों है। दीक्षित ने कहा कि राहुल गांधी विदेश दौरों के दौरान छात्रों और बुद्धिजीवियों से बातचीत करते हैं और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करते हैं। उन्होंने बीजेपी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि संसद सत्र के दौरान प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा को लेकर भी सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन उस समय बीजेपी की ओर से ऐसी आपत्तियां सामने नहीं आईं। फिलहाल, राहुल गांधी की कथित वियतनाम यात्रा को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। बीजेपी जहां उनके दौरे के उद्देश्य और खर्च पर सवाल उठा रही है, वहीं कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने पर आपत्ति जताई है।