Edited By Parveen Kumar,Updated: 15 Oct, 2026 08:07 PM

गुजरात के गांधीनगर जिले में छत्राल जीआईडीसी के फेज-4 स्थित एक फैक्टरी में बृहस्पतिवार को विस्फोट होने से चार श्रमिकों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। कलोल तालुका पुलिस थाने के निरीक्षक जे जे गढ़वी ने बताया कि यह घटना गुजरात औद्योगिक विकास...
नेशनल डेस्क : गुजरात के गांधीनगर जिले में छत्राल जीआईडीसी के फेज-4 स्थित एक फैक्टरी में बृहस्पतिवार को विस्फोट होने से चार श्रमिकों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। कलोल तालुका पुलिस थाने के निरीक्षक जे जे गढ़वी ने बताया कि यह घटना गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) परिसर में स्थित कोविका डाइज एंड इंटरमीडिएट्स नामक फैक्टरी में हुई। उन्होंने बताया कि इस फैक्टरी में रंगों का निर्माण होता है।
गढ़वी के अनुसार, बॉयलर के पास पाइप फिटिंग का काम चल रहा था, तभी विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि दबाव के कारण पाइप फटने से विस्फोट हुआ। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की एक टीम घटनास्थल पर मौजूद है।
अधिकारी ने मृत श्रमिकों की पहचान झारखंड निवासी विनोदकुमार नंदलाल सिंह (42), टेडा देहरी (18) और सिकंदर लाखन देहरी (40) तथा उदयपुर निवासी लक्ष्मण मीणा के रूप में की। गढ़वी ने कहा, ''शवों का पोस्टमार्टम कराने और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।''
गांधीनगर के पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वसमशेट्टी ने कहा कि एफएसएल की टीम नमूने एकत्र करेगी और यह पता लगाने के लिए जांच करेगी कि कहीं ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल तो नहीं हुआ था या कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (जीपीसीबी) के अधिकारी भी जांच के लिए घटनास्थल का दौरा करेंगे।