Court Security Alert: बालोद और बेमेतरा अदालत को मिली बम ब्लास्ट की धमकी, पुलिस जांच में जुटी

Edited By Updated: 09 Mar, 2026 07:21 PM

chhattisgarh court bomb threat

छत्तीसगढ़ के न्यायिक परिसरों को लगातार ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। जनवरी से अब तक कई जिला अदालतों को इस तरह के संदेश भेजे जा चुके हैं।

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के न्यायिक परिसरों को लगातार ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। जनवरी से अब तक कई जिला अदालतों को इस तरह के संदेश भेजे जा चुके हैं। ताजा मामला रविवार (8 मार्च) को सामने आया, जब बालोद जिला एवं सत्र न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल आया।

सोमवार सुबह जैसे ही इसकी जानकारी प्रशासन को मिली, अदालत परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत सुरक्षा बढ़ाते हुए पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया और अदालत परिसर को खाली कराया।

कोर्ट परिसर खाली कराकर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। मजिस्ट्रेटों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, जबकि अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को कोर्ट परिसर से बाहर निकाल दिया गया।

इसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वाड और पुलिस की टीमों ने करीब चार घंटे तक अदालत परिसर की गहन तलाशी ली। हालांकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य घोषित कर दी गई।

बेमेतरा कोर्ट को भी मिली थी ऐसी ही धमकी

इसी तरह रविवार को ही बेमेतरा जिला अदालत को भी ईमेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना सामने आई थी। वहां भी सुरक्षा एजेंसियों ने अदालत परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया। प्रारंभिक जांच के बाद यह मामला भी फर्जी निकला। दोनों जिलों में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

ईमेल में ब्लास्ट की चेतावनी का दावा

पुलिस के मुताबिक धमकी वाले ईमेल में दावा किया गया था कि अदालत परिसर में कई सिलेंडर लगाए गए हैं जो किसी भी समय विस्फोट कर सकते हैं। ईमेल एक संदिग्ध आईडी से भेजा गया था।

संदेश में न्याय व्यवस्था पर आरोप लगाते हुए कुछ अंतरराष्ट्रीय संगठनों और पुराने मामलों का भी उल्लेख किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे संदेशों के जरिए लोगों में डर फैलाने की कोशिश की जा रही है।

पहले भी कई अदालतों को मिल चुकी हैं धमकियां

इस साल की शुरुआत से राज्य के कई न्यायालयों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं।

  • 24 फरवरी: बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला अदालत को धमकी
  • जनवरी–फरवरी: धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव, सरगुजा और जगदलपुर के कोर्ट को भी ऐसे मेल
  • 8 मार्च: बालोद और बेमेतरा जिला अदालतों को एक साथ धमकी

अब तक सभी मामलों में जांच के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला और इन्हें फर्जी अलर्ट माना गया है।

पुलिस कर रही IP एड्रेस ट्रेस

पुलिस ने इन मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने की कोशिश कर रही है ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!