Edited By Mansa Devi,Updated: 08 Apr, 2026 02:31 PM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ स्थित व्यापार एवं कर विभाग के दफ्तर का बुधवार को औचक निरीक्षण किया और कार्यालय समय के दौरान अधिकारियों की अनुपस्थिति पर असंतोष जताया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ स्थित व्यापार एवं कर विभाग के दफ्तर का बुधवार को औचक निरीक्षण किया और कार्यालय समय के दौरान अधिकारियों की अनुपस्थिति पर असंतोष जताया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपस्थित कर्मचारियों से बातचीत करते हुए, उन्होंने उनके आने के समय के बारे में पूछा और विभाग के उपस्थिति रिकॉर्ड पर एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी। गुप्ता ने कार्यालय के बुनियादी ढांचे की भी समीक्षा की और अधिकारियों से मरम्मत और रखरखाव के कार्यों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कार्यालय भवन में एक संकरे और जर्जर निकास द्वार की ओर इशारा करते हुए अधिकारियों से पूछा कि वे आग जैसी आपात स्थिति से कैसे निपटेंगे। गुप्ता ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में औचक निरीक्षण की जानकारी देते हुए कहा, " कार्यालय में समयबद्धता, स्वच्छता और व्यवस्थित कार्यसंस्कृति सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए। लापरवाही, देरी या अनावश्यक जटिलता के लिए कोई स्थान नहीं होगा।"
उन्होंने कहा, "व्यापार दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। हमारी प्राथमिकता है कि हर प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुगम हो, ताकि व्यापारी बिना किसी बाधा के अपने कार्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें।' मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार हर विभाग में जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए, जनता और व्यापारियों को सहज, सरल और विश्वसनीय व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।