Jitender Kochar Interview: विकास के मुद्दे पर है हमारी लड़ाई, जनता देगी मौका- जितेंद्र कोचर

Edited By Updated: 18 Jan, 2025 11:39 AM

delhi elections malviya nagar congress candidates jitender kochar

मालवीय नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र कोचर (Jitender Kochar) से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए संगीता सिंह और आदर्श ने विशेष बातचीत की। पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...

Delhi Assembly Election 2025 :  मालवीय नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र कोचर (Jitender  Kochar) से पंजाब केसरी / नवोदय टाइम्स के लिए संगीता सिंह और आदर्श ने विशेष बातचीत की।
पेश हैं विशेष साक्षात्कार के मुख्य अंश...

सवाल- मालवीय नगर विधानसभा सीट आप प्रत्याशी हैं, किस तरह की चुनौती है? 

जवाब- मालवीय नगर विधानसभा के लोग इस बार बदलाव चाहते हैं, और यह बदलाव साफतौर पर दिखाई भी दे रहा है। अगर हम पहले की स्थिति पर बात करें, तो कांग्रेस के विधायक रहे हैं जैसे डॉ. योगानंद शास्त्री जी और किरण वालिया, उन नेताओं की तुलना में आम आदमी पार्टी के नेता दूर-दूर तक नहीं दिखते। जब तुलना स्वर्गीय शीला दीक्षित और आप के अरविंद केजरीवाल से करते हैं तो भी कहीं नजर नहीं आते। तुलना बराबर वालों से की जाती है। 
 

सवाल-  मालवीय नगर में प्रमुख समस्याएं क्या-क्या हैं जो क्षेत्र की जनता को परेशान कर रही हैं?

जवाब- समस्याओं का अंबार है। सड़कें टूटी पड़ी हैं, सीवर लाइनों का पानी पीने के पानी से मिल जाता है, पार्किंग की समस्या है और अवैध कब्जे भी बढ़ गए हैं, यहां तक कि बारिश के मौसम में गंदगी और जलभराव एक बड़ा मुद्दा बन जाता है। दस साल हो गए हैं, आम आदमी पार्टी का विधायक इस क्षेत्र में है, लेकिन किसी भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। 

सवाल-  लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन था, अब दूरियां क्यों आ गईं?

जवाब- यह गठबंधन बहुत मजबूरी में हुआ था। हमें जब दबाव डाला गया तो हम इस गठबंधन का हिस्सा बने। लेकिन चुनाव के बाद कांग्रेस ने अपने आपको इनसे अलग कर लिया, क्योंकि इनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर था। आप नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ हमेशा आरोप लगाए थे, लेकिन अंत में उनका असली चेहरा सामने आ गया।
 

सवाल-  सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया था कि लोकसभा चुनाव में आपने उन्हें हराने के लिए पैसे बांटे थे?
 

जवाब- यह आरोप पूरी तरह से निराधार है। सोमनाथ भारती खुद भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे हुए हैं। उनका दावा है कि मैंने पैसे बांटे, लेकिन मैंने उनके खिलाफ कोई गलत काम नहीं किया। यह पूरी तरह से झूठ है। हम सब जानते हैं कि आम आदमी पार्टी अपनी नाकामियों और भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए आरोप लगाती रहती है। जो विधायक अपनी पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार में घिरा हो, वह दूसरों पर आरोप कैसे लगा सकता है?
 

सवाल-   आप पर आरोप है कि आप भाजपा की ‘बी’ टीम के तौर पर काम कर रहे हैं। इस पर आपका क्या कहना है?

जवाब- देखिए, आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में फर्क है। यह खुद भाजपा की ‘बी’ टीम है। जब हरियाणा में कांग्रेस की जीत तय हो गई थी, तो अचानक केजरीवाल को जमानत मिल गई। इसके पीछे की सच्चाई तो आप सभी जानते हैं। आम आदमी पार्टी हमेशा भाजपा के खिलाफ बोलती है, लेकिन जब उन्हें लगता है कि उनका लाभ भाजपा के साथ मिलकर हो सकता है, तो वे उनसे हाथ मिला लेते हैं। यही इनकी असलियत है, और दिल्ली की जनता अब इनकी चालाकियों को समझ चुकी है।
 

सवाल-  आपने कहा कि आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। क्या आप इन आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के पास गए?
 

जवाब- हां, निश्चित तौर पर हम चुनाव आयोग से इन भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की मांग करेंगे। ये कोई मामूली आरोप नहीं हैं। आम आदमी पार्टी के कई नेता जेल जा चुके हैं, और यह सब उनके भ्रष्टाचार के कारण हुआ है। हम इस मुद्दे को उठाएंगे और जांच की मांग करेंगे, ताकि दिल्ली की जनता को सच्चाई पता चल सके।
 

सवाल-  इस बार अगर आप विधानसभा चुनाव जीतते हैं, तो मालवीय नगर के लोगों को क्या खास देंगे?
 

जवाब- मेरी पहली प्राथमिकता होगी कि मालवीय नगर के लोगों को साफ और स्वच्छ पानी मिले। फिलहाल यहां जल बोर्ड की लाइनों का हाल बहुत खराब है। लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। दूसरा, पार्किंग की गंभीर समस्या है। दशकों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं, और हम इस पर काम करेंगे। इसके अलावा, कूड़े के ढेर और गड्ढों का भी समाधान करना हमारी प्राथमिकता होगी।

 

सवाल-  आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों दावा करते हैं कि उन्होंने झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों का विकास किया है। इस बारे में कांग्रेस की क्या योजना है?

 

जवाब- कांग्रेस ने हमेशा झुग्गी वालों के विकास का काम किया...

कांग्रेस ने हमेशा झुग्गी-झोपड़ी वालों के लिए काम किया है। इंदिरा गांधी जी के समय में संगम विहार और गोविंदपुरी जैसे इलाकों में झुग्गियों को हटाकर वहां मकान बनाए गए थे। यह काम कांग्रेस ने करके दिखाया है। वहीं आम आदमी पार्टी और भाजपा सिर्फ झूठ बोलती हैं। इनकी नीयत ठीक नहीं है। हमारी योजना है कि हर गरीब को उनका अधिकार मिले और उन्हें स्थायी आवास मिले।
 

सवाल-  कांग्रेस की लड़ाई किससे है? भाजपा या आम आदमी पार्टी से?

जवाब- हमारी लड़ाई सिर्फ एक ही है, और वह है दिल्ली के विकास की लड़ाई। हम दिल्ली को एक बेहतर जगह बनाना चाहते हैं, जहां सड़कों पर गड्ढे न हों, जहां लोगों को स्वच्छ पानी मिले, जहां पार्किंग की समस्या का हल हो, और जहां गरीबों को घर मिले। हमारी लड़ाई किसी पार्टी से नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता के विकास के लिए है।

 

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!