Edited By Parveen Kumar,Updated: 21 Mar, 2026 05:02 PM

ईद के मौके पर जहां एक ओर खुशी का माहौल था, वहीं संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में आपसी विवाद ने तनाव का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते पथराव और...
नेशनल डेस्क : ईद के मौके पर जहां एक ओर खुशी का माहौल था, वहीं संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के ओबरी गांव में आपसी विवाद ने तनाव का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते पथराव और मारपीट में बदल गया। इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।
मामूली विवाद ने लिया उग्र रूप
बताया जा रहा है कि कीचड़ भरे रास्ते से वाहन निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। धीरे-धीरे यह बहस बढ़ती गई और फिर दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के वीडियो आए सामने
घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें लोगों को एक-दूसरे पर पथराव करते और विवाद के दौरान तीखी बहस करते देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा कड़ी
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, संभल की शाही जामा मस्जिद में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज अदा की गई। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी थानों को अलर्ट पर रखा है।