Edited By Parveen Kumar,Updated: 03 Oct, 2026 08:49 PM

तेलंगाना के विकाराबाद जिले में शनिवार को एक निजी बस के पलट जाने से चार महिलाओं की मौत हो गई और करीब 30 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। जिले के केसरम गांव के लोगों ने चिंताकुंटा में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यह बस किराये पर...
नेशनल डेस्क : तेलंगाना के विकाराबाद जिले में शनिवार को एक निजी बस के पलट जाने से चार महिलाओं की मौत हो गई और करीब 30 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। जिले के केसरम गांव के लोगों ने चिंताकुंटा में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यह बस किराये पर ली थी। हादसे के समय बस में करीब 47 लोग सवार थे। दुर्घटना धारूर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हुए।
घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उपचार के बाद ज्यादातर को छुट्टी दे दी गई। इनमें से दो-एक लोगों की हालत गंभीर है और उनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है। विकाराबाद की पुलिस अधीक्षक स्नेहा मेहरा ने पीटीआई-भाषा को बताया, ''बस पलट गई। हम मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। चालक फरार है। उसके मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।'' उन्होंने कहा कि चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताते हुए मुख्य सचिव संजय जाजू को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राज्य के उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।