Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 May, 2026 09:05 AM

देश के मौसम में इन दिनों विरोधाभास देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी और बारिश की आहट है वहीं दूसरी ओर राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार (12...
Delhi Rain Yellow Alert : देश के मौसम में इन दिनों विरोधाभास देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी और बारिश की आहट है वहीं दूसरी ओर राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार (12 मई) के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है जिसमें बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर नागरिकों को सतर्क रहने को कहा गया है।
दिल्ली-NCR में आज बरसेंगे बादल
राजधानी दिल्ली में आज उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। आज सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही रहेगी। दोपहर तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा रहेगी जो झोंकों के साथ 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। अगले 3 दिनों में पारे में 1-2 डिग्री की गिरावट आएगी। आज अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

पहाड़ों पर ओले गिरने की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज कहीं-कहीं ओलावृष्टि (Hailstorm) और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। 14 से 17 मई के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 15 मई तक धूल भरी आंधी और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा।

इन राज्यों में लू का अलर्ट
जहां एक ओर बारिश का अलर्ट है वहीं राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 4-5 दिनों तक भीषण लू (Heatwave) चलने की आशंका है। यहां के निवासियों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। फिलहाल मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने को कहा है। आंधी के दौरान पेड़ों के नीचे या जर्जर इमारतों के पास खड़े न हों। बिजली कड़कने के समय टीवी, फ्रिज जैसे उपकरणों को अनप्लग (Unplug) कर दें। वहीं कटाई कर चुके किसान अपनी फसलों को भीगने से बचाने के लिए सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर ढक कर रखें।