Edited By Pardeep,Updated: 20 May, 2026 10:17 PM

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सरयू नदी के तट पर अपनी सास के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे एक युवक को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया।
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां सरयू नदी के तट पर अपनी सास के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे एक युवक को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। दिल दहला देने वाली बात यह रही कि वहां मौजूद दर्जनों लोग बेबस होकर देखते रहे और मगरमच्छ युवक के सिर को अपने जबड़े में दबाकर गहरे पानी में समा गया।
हाथ धोने गया और बन गया शिकार
यह दर्दनाक हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास सरयू नदी के किनारे हुआ। ग्रेटर नोएडा के परी चौक (सिग्मा 2) के रहने वाले दीपक (30) अपनी सास उर्मिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। चिता सजाने के लिए खूंटा गाड़ने के बाद जैसे ही दीपक हाथ धोने के लिए नदी के किनारे पहुंचे, वहां घात लगाकर बैठे मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने तेजी से दीपक का सिर दबोचा और उन्हें खींचकर नदी के बीच ले गया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
दीपक के परिवार में उनकी पत्नी और एक चार साल की मासूम बेटी निक्की है। परिवार पहले से ही शोक में था क्योंकि दीपक की सास उर्मिला का मंगलवार को कैंसर से निधन हो गया था। उर्मिला के बेटे का पहले ही निधन हो चुका था, और अब दामाद के साथ हुए इस हादसे ने पूरे गांव में मातम फैला दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को बचाने की हिम्मत ही नहीं पड़ी。
SDRF की टीम कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही उमरी बेगमगंज थाने की पुलिस और एसडीएम तरबगंज मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया गया है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को पोस्टमार्टम के बाद चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।