Edited By Rahul Rana,Updated: 02 Aug, 2026 08:29 PM

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना सत्ता गंवाने के लगभग दो साल बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने आने वाली हैं।
नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना सत्ता गंवाने के लगभग दो साल बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने आने वाली हैं। वे 5 अगस्त को नई दिल्ली से एक वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। इस दौरान वे बांग्लादेश वापसी और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर बड़ी घोषणाएं कर सकती हैं।
5 अगस्त को कार्यक्रम
यह विशेष संवाद नई दिल्ली स्थित फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया (FCC साउथ एशिया) की ओर से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 5 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक मथुरा रोड स्थित सर मार्क टली ऑडिटोरियम में होगा। इसका सीधा प्रसारण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी किया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि यह कार्यक्रम ठीक उसी दिन हो रहा है, जब दो साल पहले 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना का 15 साल पुराना शासन समाप्त हुआ था। उग्र आंदोलन के बाद उन्हें अचानक देश छोड़कर भारत आना पड़ा था। भारत आने के बाद से वे सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया से दूर रही हैं। इसलिए यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक संबोधन होगा।
कौन-कौन होगा शामिल?
इस कार्यक्रम में शेख हसीना के साथ बांग्लादेश के कई प्रमुख चेहरे जुड़ेंगे। इनमें उनके बेटे और पूर्व आईटी सलाहकार सजीब वाजेद जॉय, पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल, पूर्व क्रिकेटर और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन तथा बांग्लादेश मानवाधिकार वॉच के महासचिव मोहम्मद अली सिद्दीकी शामिल हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता FCC साउथ एशिया के अध्यक्ष डॉ. वाएल अव्वाद करेंगे।
बांग्लादेश की बदली राजनीति
2024 में शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद बांग्लादेश की राजनीति पूरी तरह बदल चुकी है। नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार का कार्यकाल फरवरी 2026 के चुनावों के बाद समाप्त हो गया। वर्तमान में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की सरकार है और तारिक रहमान प्रधानमंत्री हैं। नई सरकार ने पूर्व अवामी लीग सरकार के नेताओं पर कानूनी कार्रवाई जारी रखी है। ऐसे में शेख हसीना का यह संबोधन बांग्लादेश की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है।