Edited By Rohini Oberoi,Updated: 18 Dec, 2025 04:01 PM

भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर ‘‘लूट' और सरकारी खजाना खाली कर आलाकमान को पैसे भेजने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया...
नेशनल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर ‘‘लूट'' और सरकारी खजाना खाली कर आलाकमान को पैसे भेजने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि कर्नाटक का खजाना लूटकर पार्टी आलाकमान को पैसा भेजा जा रहा है और राज्य उनके लिए 'एटीएम' बन गया है।
उन्होंने वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में करोड़ों के गबन और ठेकेदारों से कमीशन वसूलने का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार में विकास के नाम पर कुछ नहीं हो रहा। इन आरोपों के जवाब में उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने विजयेंद्र को "वसूली का राजा" बताया और कहा कि वे अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा का नाम खराब करने के जिम्मेदार हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली: मकान मालकिन की हत्या करने और गहने लूटने के आरोप में किराएदार गिरफ्तार
उन्होंने विजयेंद्र को विधानसभा में आकर यह साबित करने की चुनौती दी कि कौन सा खजाना खाली है साथ ही उन्हें अपनी मर्यादा में रहने की सलाह भी दी। इस बीच विधानसभा सत्र और अब तक हुई चर्चाओं के बारे में विजयेंद्र ने कहा कि उन्हें ‘‘निवर्तमान मुख्यमंत्री'' से उठाए गए मुद्दों के समाधान की कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘आपको मुख्यमंत्री (सिद्धरमैया) की स्थिति को समझना होगा। कोई नहीं जानता कि वह कब इस्तीफा देंगे।
मुख्यमंत्री के बोलने के तरीके को सुनकर स्वाभाविक रूप से किसी के मन में यही सवाल आएगा कि आखिर वह इस पद पर कब तक रहेंगे?'' इसके अलावा उन्होंने राजस्व मंत्री कृष्ण बायरे गौड़ा पर 21.16 एकड़ जमीन हड़पने के आरोपों को गंभीर बताते हुए यह मुद्दा विधानसभा सत्र के दौरान उठाने की बात कही। विजयेंद्र ने शीतकालीन सत्र की अवधि बढ़ाने की विपक्ष की मांग पर सरकार से सकारात्मक प्रतिक्रिया न मिलने पर भी निराशा जताई।