Edited By Rohini Oberoi,Updated: 14 Jul, 2026 02:36 PM

पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चाओं के बीच VFS Capital के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मैती ने अपनी संभावित राजनीतिक पारी की शुरुआत से पहले उत्तर प्रदेश के विन्ध्याचल स्थित माँ विन्ध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन...
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चाओं के बीच VFS Capital के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मैती ने अपनी संभावित राजनीतिक पारी की शुरुआत से पहले उत्तर प्रदेश के विन्ध्याचल स्थित माँ विन्ध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और जनसेवा के संकल्प के साथ माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन के बाद कुलदीप मैती ने कहा, "सेवा ही मेरा संकल्प है। माँ के आशीर्वाद से अब मैं कोलकाता और पूरे पश्चिम बंगाल के विकास में प्रत्यक्ष भूमिका निभाना चाहता हूँ।" सूत्रों के मुताबिक, कुलदीप मैती जल्द ही भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम सकते हैं। चर्चा है कि उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि उनका सदस्यता ग्रहण समारोह भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता, संभवतः प्रदेश अध्यक्ष या केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी में आयोजित हो सकता है। हालांकि, भाजपा और कुलदीप मैती की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कुलदीप मैती पूर्वी भारत के माइक्रोफाइनेंस सेक्टर का एक प्रमुख नाम हैं। पिछले दो दशकों से वे महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के वित्तीय सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहे हैं। बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और सोशल सेक्टर में दो मास्टर डिग्री के साथ डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर चुके मैती शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा रोजगार जैसे मुद्दों पर भी सक्रिय रहे हैं।
माँ विन्ध्यवासिनी मंदिर में दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। उनके दर्शन के बाद मंदिर परिसर में लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पश्चिम बंगाल में टीएमसी से मोहभंग और भाजपा में नए चेहरों के शामिल होने की चर्चाओं के बीच कुलदीप मैती का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि वे जल्द ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर अपनी विस्तृत कार्ययोजना भी सार्वजनिक करेंगे।