Edited By Pardeep,Updated: 24 Feb, 2026 05:51 AM

इन दिनों आयकर रिटर्न (ITR) भरने वालों के लिए एक बड़ी चेतावनी सामने आई है। अगर आपके मोबाइल पर कोई मैसेज आए कि “आपका आयकर रिफंड रुका हुआ है, तुरंत यह काम करें”, तो सतर्क हो जाइए। यही घबराहट अब साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार बन चुकी है।
नेशनल डेस्कः इन दिनों आयकर रिटर्न (ITR) भरने वालों के लिए एक बड़ी चेतावनी सामने आई है। अगर आपके मोबाइल पर कोई मैसेज आए कि “आपका आयकर रिफंड रुका हुआ है, तुरंत यह काम करें”, तो सतर्क हो जाइए। यही घबराहट अब साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार बन चुकी है।
हाल ही में एक मामले में एक टैक्सपेयर ने ऐसे ही फर्जी लिंक पर क्लिक किया और अपनी निजी जानकारी साझा कर दी। इसके बाद उसके खाते से करीब 1.5 लाख रुपये साफ हो गए।
रिफंड में देरी क्यों होती है?
जब आप ITR फाइल करते हैं, तो रिफंड मिलने में कभी-कभी समय लग सकता है। सरकार और Income Tax Department के अनुसार, रिफंड तभी जारी किया जाता है जब आपकी ITR पूरी तरह वैरिफाई हो जाए, बैंक डिटेल्स और पैन की जानकारी मैच हो और किसी तरह की गड़बड़ी या डेटा मिसमैच न हो। अधिकतर मामलों में रिफंड कुछ हफ्तों में प्रोसेस हो जाता है, लेकिन अगर किसी तरह की जांच जरूरी हो तो इसमें ज्यादा समय लग सकता है।
यही देरी और अनिश्चितता साइबर अपराधियों को ठगी का मौका दे देती है।
कैसे करते हैं साइबर ठग फर्जीवाड़ा?
साइबर अपराधी इन तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं- फर्जी SMS भेजना, नकली ई-मेल करना और फोन कॉल के जरिए डराना। इन संदेशों में लिखा होता है कि “आपका रिफंड पेंडिंग है”, “तुरंत लिंक पर क्लिक करें” और “नहीं किया तो पेनल्टी लगेगी”। मैसेज में एक संदिग्ध लिंक दिया जाता है। जैसे ही व्यक्ति उस पर क्लिक करता है और अपनी बैंकिंग या पर्सनल जानकारी भरता है, ठग उसके खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
आयकर विभाग की चेतावनी
इस तरह की घटनाओं के बाद आयकर विभाग ने साफ चेतावनी जारी की है किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। अपनी बैंक डिटेल्स, OTP या पर्सनल जानकारी किसी से साझा न करें। विभाग कभी भी SMS या ई-मेल के जरिए आपकी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।
कैसे रहें सुरक्षित?
-केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही लॉगिन करें
-रिफंड स्टेटस सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर ही चेक करें
-किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
-घबराहट में कोई फैसला न लें
-संदिग्ध मैसेज की रिपोर्ट तुरंत आयकर विभाग को करें