Edited By Anu Malhotra,Updated: 29 Apr, 2026 08:05 AM

meghalaya honeymoon: मेघालय की एक स्थानीय अदालत ने सोनम रघुवंशी को जमानत दे दी है। सोनम रघुवंशी मई 2025 में अपने पति, इंदौर निवासी ट्रांसपोटर्र राजा रघुवंशी की हत्या की मुख्य आरोपी हैं। अदालत ने जमानत देते हुए कहा कि पुलिस उन्हें गिरफ्तारी के कारणों...
Meghalaya Honeymoon: मेघालय की एक स्थानीय अदालत ने सोनम रघुवंशी को जमानत दे दी है। सोनम रघुवंशी मई 2025 में अपने पति, इंदौर निवासी ट्रांसपोटर्र राजा रघुवंशी की हत्या की मुख्य आरोपी हैं। अदालत ने जमानत देते हुए कहा कि पुलिस उन्हें गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराने में विफल रही थी। विशेष लोक अभियोजक के.सी. गौतम ने बताया कि शिलांग की अतिरिक्त उपायुक्त (न्यायिक) की अदालत ने सोमवार को आदेश पारित करते हुए आरोपी को 50 हजार रुपये का जमानत बांड और इतनी ही राशि की जमानत पेश करने का निर्देश दिया।
सोनम को अदालत के अधिकार क्षेत्र में रहने और आगामी सुनवाईयों के दौरान अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आरोपी को सबूतों या गवाहों के साथ छेड़छाड़ न करने का भी निर्देश दिया गया। सोनम मेघालय के एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल सोहरा में अपने हनीमून के दौरान अपने पति राजा की हत्या की कथित साजिश रचने की मुख्य आरोपी है।
बेल पिटीशन की खबर तक नहीं
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने दावा किया कि उन्हें जमानत याचिका दाखिल होने की जानकारी तक नहीं दी गई, जबकि इससे पहले तीन बार जमानत का विरोध किया गया था और सभी याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं। विपिन ने अपने ही वकील की भूमिका पर भी शक जताया। उनका कहना है कि वकील ने उन्हें यह नहीं बताया कि जमानत याचिका कोर्ट में लग चुकी है, जिससे पूरे मामले में संदेह और गहरा गया है।
परिवार के अनुसार, शिलांग पुलिस ने कोर्ट में लगभग 990 पन्नों की केस डायरी पेश की थी। ऐसे में जमानत मिलना कई सवाल खड़े करता है। अब परिवार हाई कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है और जमानत रद्द कराने की मांग करेगा। इस बीच, एक और आरोप सामने आया है कि गिरफ्तारी के समय पुलिस ने सोनम को यह नहीं बताया कि उसे किस आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है। इसी बिंदु को बचाव पक्ष ने कोर्ट में मजबूती से रखा, जो जमानत का आधार बना।
राजा रघुवंशी की मां का छलका दर्द
राजा रघुवंशी की मां ने बेटे को याद करते हुए भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा कि “कानून अंधा होता है, यह सुना था, लेकिन अब देख भी लिया।” उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से मामले की जांच CBI से कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके। मां ने यह भी कहा कि जिस एकादशी के दिन उनके बेटे की हत्या हुई थी, उसी तिथि पर आरोपी को जमानत मिलना संयोग नहीं हो सकता। उन्होंने इसे भगवान की इच्छा बताते हुए कहा कि अब उन्हें न्याय की उम्मीद ईश्वर से ही है।
राजा के पिता ने क्या कहा?
वहीं, राजा के पिता ने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोप लगाया कि गोविंद रघुवंशी इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड है और उसने पैसों के दम पर लोगों को प्रभावित किया है। उन्होंने यह भी साफ कहा कि अगर सोनम माफी मांगने भी आती है, तो परिवार उसे माफ नहीं करेगा।
मेघालय पुलिस ने 2 जून, 2025 को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा सिविल उपमंडल के रियात अरलियांग स्थित वेइसावदोंग पार्किंग स्थल के नीचे एक गहरी खाई से राजा का अत्यधिक सड़ा हुआ शव बरामद किया। सुनवाई के दौरान, उप मुख्य कानूनी सहायता बचाव वकील के कानूनी सलाहकार सुदीप राणा ने सोनम की गिरफ्तारी की वैधता को चुनौती देते हुए कहा कि पुलिस ने कानून के अनुसार गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध कराने की अनिवार्य आवश्यकता का पालन नहीं किया और इस प्रकार भारत के संविधान के अनुच्छेद 22(1) का उल्लंघन किया गया। सैनी