Edited By Anu Malhotra,Updated: 12 Jun, 2025 06:30 PM

अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने न सिर्फ गुजरात को, बल्कि राजस्थान के उदयपुर को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। लंदन जा रहे इस विमान में उदयपुर के चार लोग सवार थे, जिनमें दो भाई-बहन और दो ग्रामीण शामिल थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे शहर में...
नेशनल डेस्क: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने न सिर्फ गुजरात को, बल्कि राजस्थान के उदयपुर को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। लंदन जा रहे इस विमान में उदयपुर के चार लोग सवार थे, जिनमें दो भाई-बहन और दो ग्रामीण शामिल थे। हादसे की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।
भाई-बहन की घूमने की योजना बनी त्रासदी
उदयपुर के मार्बल व्यवसायी पिंकू मोदी के बेटे शुभ मोदी (24) और बेटी शगुन मोदी (22) भी इस फ्लाइट में सवार थे। दोनों लंदन में एक दोस्त से मिलने और छुट्टियां बिताने जा रहे थे। हाल ही में एमबीए पूरा कर चुके शुभ और शगुन अब अपने पिता के कारोबार में हाथ बंटा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पिंकू मोदी का परिवार तुरंत अहमदाबाद के लिए रवाना हो गया है। बताया जा रहा है कि शुभ और शगुन का नाम पैसेंजर लिस्ट में क्रमांक 98 और 99 पर दर्ज था।
लंदन लौट रहे थे दो शेफ
उसी विमान में रुंडेडा गांव के वर्दी चंद मेनारिया और प्रकाश मेनारिया भी सवार थे। दोनों लंदन में शेफ के रूप में काम करते हैं और छुट्टियों के बाद वापस काम पर लौट रहे थे। उनका नाम लिस्ट में क्रमांक 90 और 91 पर है। हादसे की खबर से उनके गांव में मातम पसरा हुआ है।
सरकार और प्रशासन सक्रिय
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और उदयपुर कलेक्टर से बात कर प्रभावित परिवारों की जानकारी ली है। स्थानीय प्रशासन भी पीड़ित परिवारों के संपर्क में है।
गौरतलब है कि एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 गुरुवार दोपहर 1:40 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरते समय हादसे का शिकार हो गई थी। 242 यात्रियों से भरी यह फ्लाइट लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रही थी। इस सफर में सभी सवार यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।