Edited By Shubham Anand,Updated: 27 Oct, 2025 07:00 PM

राजस्थान के अजमेर में चल रहे पुष्कर पशु मेले में चंडीगढ़ से लाया गया काला घोड़ा ‘शाहबाज’ आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ढाई साल के इस घोड़े की कीमत 15 करोड़ रुपये आंकी गई है और इसे अब तक 9 करोड़ रुपये तक का ऑफर मिल चुका है। शाहबाज कई शो में विजेता रह...
नेशनल डेस्क: राजस्थान के अजमेर में चल रहे विश्व प्रसिद्ध पुष्कर पशु मेले में इस बार एक काला घोड़ा 'शाहबाज' सुर्खियों में छाया हुआ है। चंडीगढ़ से लाया गया यह घोड़ा अपनी शानदार नस्ल और 15 करोड़ रुपये की कीमत के कारण मेले में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महज ढाई साल की उम्र में शाहबाज ने कई प्रतिष्ठित शो में जीत हासिल की है, जिसने इसे खास बनाया है।
मालिक ने खोले घोड़े के राज
घोड़े के मालिक गैरी गिल ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, "शाहबाज ढाई साल का है और एक प्रतिष्ठित नस्ल का घोड़ा है। इसने अब तक 5-6 शो में जीत हासिल की है। पिछले साल पंजाब में तीन शो में यह पहले स्थान पर रहा। जहां भी यह गया, जीतकर ही लौटा। इसकी हाइट 65.5 इंच है, और इसकी कवरिंग फीस 2 लाख रुपये है।"
उन्होंने आगे बताया, "कवरिंग फीस के बाद हम घोड़ी को चार चांस देते हैं, जिसमें कुल 8 जंप होते हैं। ज्यादातर घोड़ियां इन 8 जंप्स में कंसीव कर लेती हैं।" गैरी ने यह भी कहा कि इस बार मेले में वे करीब 40 जानवर लेकर आए हैं, लेकिन उनका मकसद हर बार कुछ नया और अलग पेश करना था। शाहबाज को इसीलिए चुना गया, क्योंकि यह पहले लाए गए जानवरों से अलग और अनोखा है।
15 करोड़ की बोली, 9 करोड़ का ऑफर
गैरी गिल ने बताया कि शाहबाज को बेचने का अभी कोई इरादा नहीं है, लेकिन इसकी मांग 15 करोड़ रुपये रखी गई है। उन्होंने कहा, "हमें अब तक 9 करोड़ रुपये तक का ऑफर मिल चुका है। भविष्य में इसके बच्चे-बच्चियां यदि स्टैंड पर आ गए, तो हम विचार करेंगे कि इसका क्या करना है।" शाहबाज की लोकप्रियता और उसकी नस्ल की खासियत को देखते हुए मेले में इसे देखने वालों की भीड़ लगी हुई है।