राहुल और खरगे 8 अगस्त को बेंगलुरु दौरे पर जाएंगे, ‘वोट अधिकार रैली' को करेंगे संबोधित

Edited By Updated: 07 Aug, 2025 12:36 AM

rahul and kharge will visit bengaluru on august 8

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी सांसद राहुल गांधी आठ अगस्त को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में कथित वोट चोरी के विरोध में आयोजित ‘वोट अधिकार रैली' को संबोधित करेंगे। कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक में पार्टी के...

नेशनल डेस्क: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी सांसद राहुल गांधी आठ अगस्त को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में कथित वोट चोरी के विरोध में आयोजित ‘वोट अधिकार रैली' को संबोधित करेंगे। कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक में पार्टी के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘ इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ईसीआई) इलेक्शन कैप्चर ऑफ इंडिया' बन गया है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र को नष्ट नहीं होने देगी। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विवाद के बीच, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 23 जुलाई को आरोप लगाया था कि भारत में चुनाव ‘चोरी' हो रहे हैं।

उन्होंने साथ ही दावा किया था कि उनकी पार्टी ने कर्नाटक के एक संसदीय क्षेत्र का अध्ययन करके ‘वोट चोरी' के तरीके का पता लगा लिया है। कांग्रेस ने बुधवार को विरोध रैली की तैयारियों की चर्चा के लिए एक बैठक की, जिसमें मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, राज्य कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, सुरजेवाला, पार्टी के कई नेता, मंत्री तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुरजेवाला ने बताया ‘‘ आठ अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे ऐतिहासिक फ्रीडम पार्क में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे वोट अधिकार रैली को संबोधित करेंगे।'' उन्होंने पार्टी नेताओं की बैठक के बाद यहां संवाददाताओं से कहा कि यह रैली मतदाता सूचियों को साफ करने और फर्जी मतदाताओं को हटाने का आह्वान है।

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘यह एक राष्ट्रव्यापी अभियान है...राहुल गांधी आपको (मीडिया को), और कर्नाटक तथा भारत के लोगों को आपके माध्यम से एक प्रस्तुति देंगे कि कैसे चुनावों की चोरी की जा रही है, लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है, संविधान को खत्म किया जा रहा है।'' सुरजेवाला से जब संवाददाताओं ने पूछा कि क्या राहुल गांधी कथित वोट चोरी पर कोई दस्तावेज जारी करेंगे तो उन्होंने कहा, ‘‘आप देखेंगे, बस इंतजार करें।'' विरोध रैली के बाद कांग्रेस नेता यहां निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपेंगे। कांग्रेस ने पहले पांच अगस्त को इस विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी, लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शिबू सोरेन के निधन के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!