Edited By Sahil Kumar,Updated: 18 Jun, 2026 03:09 PM

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक, परीक्षाओं में धांधली और महंगी फीस के खिलाफ बृहस्पतिवार को ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की और लोगों से इसके समर्थन का आह्वान किया। राहुल गांधी इन विषयों को लेकर इन दिनों 'छात्रों की गूंज' मुहिम...
नेशनल डेस्कः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक, परीक्षाओं में धांधली और महंगी फीस के खिलाफ बृहस्पतिवार को ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की और लोगों से इसके समर्थन का आह्वान किया। राहुल गांधी इन विषयों को लेकर इन दिनों 'छात्रों की गूंज' मुहिम चला रहे हैं जिसके तहत वह छात्र सम्मेलनों को संबोधित कर रहे हैं। इस तरह का पहला छात्र सम्मेलन बुधवार शाम राजस्थान के कोटा में हुआ।
इसके बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में छात्र सम्मेलन का आयोजन होगा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इसी क्रम में अब अपनी वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर का अभियान शुरू किया है।
<
अगर आपने पेपर लीक, परीक्षा में धांधली, या महँगी fees का दर्द झेला है
अगर इस व्यवस्था ने आपके सपने तोड़े हैं
अगर आपके परिवार ने आपकी पढ़ाई के लिए जीवनभर की कमाई लगा दी है
तो सुनिए: ‘छात्रों की गूंज’ आपकी आवाज़ है।
यह सिर्फ़ एक अभियान नहीं, यह आपकी मांग को सरकार तक पहुँचाने…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 18, 2026
>
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''अगर आपने पेपर लीक, परीक्षा में धांधली, या महंगी फीस का दर्द झेला है, अगर इस व्यवस्था ने आपके सपने तोड़े हैं, अगर आपके परिवार ने आपकी पढ़ाई के लिए जीवनभर की कमाई लगा दी है तो सुनिए: 'छात्रों की गूंज' आपकी आवाज़ है।'' उन्होंने कहा, ''यह सिर्फ़ एक अभियान नहीं, यह आपकी मांग को सरकार तक पहुंचाने का ज़रिया है।'' राहुल गांधी ने इस याचिका का लिंक साझा करते हुए लोगों से इस पर हस्ताक्षर करने की अपील की। उनका कहना है, ''आपका एक हस्ताक्षर इस लड़ाई को ताक़त देगा। जितने ज़्यादा नाम, उतनी बुलंद गूंज।''