Edited By Mehak,Updated: 07 Mar, 2026 03:34 PM

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने वाले उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति का खुलासा कर दिया है। इस लिस्ट में सबसे कम संपत्ति बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास है, जिनकी कुल संपत्ति 1.66 करोड़ रुपये है। उनके पास केवल 20 हजार रुपये नकद, 17.91...
नेशनल डेस्क : राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने वाले उम्मीदवारों ने अपनी संपत्ति का ब्योरा शपथ पत्र में साझा कर दिया है। इस लिस्ट में सबसे कम संपत्ति बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम दर्ज है। इनके पास कुल मिलाकर 1.66 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। साल 2025 में उनकी कुल नेटवर्थ सिर्फ 7.87 लाख रुपये थी।
नीतीश कुमार के पास क्या-क्या है?
नीतीश कुमार के शपथ पत्र के अनुसार उनके पास केवल 20,552 रुपये नकद हैं। चल संपत्ति के रूप में उनके पास कुल 17.91 लाख रुपये हैं। ज्वेलरी में उनके पास केवल 20 ग्राम सोने की अंगूठी और एक मोती जड़ी चांदी की अंगूठी है, जिसकी कीमत लगभग 2.37 लाख रुपये बताई गई है। गाड़ियों में उनके नाम पर एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार है, जिसे उन्होंने 2015 में 11.32 लाख रुपये में खरीदा था।
अचल संपत्ति की बात करें तो नीतीश कुमार के पास दिल्ली के द्वारका में संसद कोऑपरेटिव का फ्लैट है। लगभग 1,000 वर्ग फीट के इस फ्लैट को उन्होंने 2004 में 13.78 लाख रुपये में खरीदा था। आज इसकी कीमत लगभग 1.48 करोड़ रुपये है।
नीतीश कुमार से ज्यादा संपत्ति वाले उम्मीदवार
रामनाथ ठाकुर (JDU) के पास कुल 3.12 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 1.64 करोड़ रुपये की चल और 1.48 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। वर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 35.77 लाख रुपये रही। उनके पास नकद 1.26 लाख रुपये हैं।
नितिन नवीन (बीजेपी) की कुल चल संपत्ति लगभग 1.16 करोड़ रुपये है, जबकि उनकी पत्नी के पास 84 लाख रुपये की चल संपत्ति और 1.47 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। नितिन नवीन के पास नकद 55 हजार रुपये और अलग-अलग बैंकों में 62 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा क्रिस्टा कार है। नितिन नवीन पर लगभग 32 लाख रुपये का लोन बकाया है।
शिवेश कुमार (बीजेपी) की वार्षिक आय 24.35 लाख रुपये है। उनकी पत्नी की आय 6.57 लाख रुपये है। शिवेश कुमार के पास 2.24 लाख रुपये नकद और 24 लाख रुपये बैंक में जमा हैं। गाड़ियों में उनके नाम पर स्कॉर्पियो, मारुति और इनोवा क्रिस्टा हैं। उनकी कुल चल संपत्ति लगभग 98 लाख रुपये है, जबकि अचल संपत्ति 2.72 करोड़ रुपये है। उनके ऊपर 12.20 लाख रुपये का लोन भी बकाया है।
सबसे ज्यादा संपत्ति : एडी सिंह
राज्यसभा उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा संपत्ति आरजेडी के एडी सिंह के पास है। उनके शपथ पत्र के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 243 करोड़ रुपये है। अचल संपत्ति 36.03 करोड़ रुपये और चल संपत्ति 206.98 करोड़ रुपये है। उनके पास नकद 4.5 लाख रुपये, सोना 43.2 ग्राम और चांदी 5 किलो है। गाड़ियों में उनके नाम पर टोयोटा और हुंडई वेन्यू हैं।
उपेंद्र कुशवाहा (RLM) के पास कुल चल संपत्ति 44.94 लाख रुपये और अचल संपत्ति 35 लाख रुपये है। उनके पास नकद 70 हजार रुपये, सोना 10 ग्राम और एक टोयोटा कार है।