Edited By Pardeep,Updated: 12 May, 2026 12:40 AM

पुडुचेरी की राजनीति के दिग्गज नेता और ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के प्रमुख एन रंगासामी एक बार फिर इतिहास रचने जा रहे हैं।
पुडुचेरी/नई दिल्ली: पुडुचेरी की राजनीति के दिग्गज नेता और ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) के प्रमुख एन रंगासामी एक बार फिर इतिहास रचने जा रहे हैं। रंगासामी 13 मई को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। यह केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उनका पांचवां कार्यकाल होगा, जो उनकी लोकप्रियता और राजनीतिक कौशल का प्रमाण है।
9 बजकर 47 मिनट पर होगा राजतिलक
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह बुधवार सुबह 9 बजकर 47 मिनट पर 'लोक निवास' में आयोजित किया जाएगा। उपराज्यपाल के कैलाशनाथन रंगासामी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह को लेकर लोक निवास में तैयारियां जोरों पर हैं और राजनीतिक गलियारों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
NDA गठबंधन की दमदार वापसी
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में रंगासामी के नेतृत्व वाले राजग (NDA) गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार किया है। 30 सदस्यीय विधानसभा में गठबंधन की कुल संख्या 18 पहुंच गई है।
- AINRC: 16 में से 12 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की।
- BJP: 10 सीटों पर चुनाव लड़ा और 4 पर जीत हासिल की।
- अन्य सहयोगी: एआईएडीएमके और लाचित जननायगा काची ने भी एक-एक सीट जीतकर गठबंधन को मजबूती दी है।
मंत्रिमंडल को लेकर सस्पेंस बरकरार
पुडुचेरी में एक बार फिर गठबंधन सरकार बनने जा रही है, लेकिन सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बुधवार को रंगासामी के साथ भाजपा के सदस्य भी मंत्री पद की शपथ लेंगे या नहीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंत्रिमंडल का स्वरूप क्या होगा, जिससे राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है।