Edited By Ramanjot,Updated: 14 Feb, 2026 11:00 PM

दिल्ली के रोहिणी इलाके में शनिवार शाम एक बार फिर गैंगवार की सनसनीखेज घटना सामने आई। गोगी गैंग से जुड़े युवक साहिल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
नेशनल डेस्क: दिल्ली के रोहिणी इलाके में शनिवार शाम एक बार फिर गैंगवार की सनसनीखेज घटना सामने आई। गोगी गैंग से जुड़े युवक साहिल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस इसे पुरानी गैंग रंजिश से जुड़ा मामला मान रही है।
जानकारी के मुताबिक, साहिल हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। वह सामान्य जीवन में लौटने की कोशिश ही कर रहा था कि घात लगाकर आए हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।
शक की सुई किस ओर?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला कुख्यात गैंगस्टर Jitender Gogi और Tillu Tajpuria के गिरोहों के बीच चली आ रही पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हो सकता है। हालांकि दोनों गैंग के सरगना अब जीवित नहीं हैं। जितेंद्र गोगी की 2021 में रोहिणी कोर्ट परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। टिल्लू ताजपुरिया की 2023 में तिहाड़ जेल के अंदर हत्या हुई थी। इसके बावजूद दोनों गिरोहों के सदस्य एक-दूसरे को निशाना बनाते रहे हैं।
घटना स्थल पर क्या मिला?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर साहिल का शव पड़ा मिला, पास में उसकी बाइक खड़ी थी। पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जो मौके से सबूत जुटा रही है।
दिल्ली पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, गोगी और टिल्लू गैंग की रंजिश कई साल पुरानी है और अब तक इस दुश्मनी में 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। कॉलेज के दिनों से शुरू हुई यह टकराव बाद में रंगदारी, हत्या और संगठित अपराध की लड़ाई में बदल गया।
पुलिस की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके। यह वारदात एक बार फिर राजधानी में सक्रिय संगठित अपराध और गैंगवार के खतरे को उजागर करती है।