दिल्ली में फिर मौत का नाला: रोहिणी में खुले नाले में गिरा युवक, रेस्क्यू के बाद भी नहीं बची जान

Edited By Updated: 10 Feb, 2026 10:14 PM

rohini sector 32 open drain death

देश की राजधानी दिल्ली में नागरिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। मंगलवार शाम रोहिणी सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया,

नेशनल डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली में नागरिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। मंगलवार शाम रोहिणी सेक्टर-32 में महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना बेगमपुर थाना क्षेत्र में शाम करीब 7:45 बजे हुई, जब अंधेरे और तेज बहाव वाले नाले ने युवक की जान ले ली।

स्थानीय लोगों ने युवक को नाले में गिरते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर बेगमपुर पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गंदे पानी, तेज धार और कचरे से भरे नाले में फायर ब्रिगेड ने घंटों तक सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिरजू कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था और दिल्ली में मजदूरी करता था।

चार दिन पहले भी हुआ था ऐसा ही हादसा

रोहिणी की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब कुछ ही दिन पहले जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के खुले गड्ढे में बाइक समेत गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत हुई थी। उस मामले में भी रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव बरामद हुआ था और बाद में जल बोर्ड के तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी में खुले नालों, बिना कवर गड्ढों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लोगों में गुस्सा, प्रशासन से जवाब की मांग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले पर न तो कोई ढक्कन था और न ही बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। रात के समय कम रोशनी में यह खुला नाला लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं।

अब सवाल उठ रहा है कि दिल्ली में खुले नालों, गड्ढों और निर्माण स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? क्या इन मौतों से सबक लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे या फिर राजधानी एक और हादसे का इंतजार कर रही है?
 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!