Edited By Anu Malhotra,Updated: 06 Mar, 2026 12:05 PM

सहारा इंडिया के निवेशकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अगर आप भी उन लाखों लोगों में शामिल हैं जिनकी मेहनत की कमाई सालों से फंसी हुई थी, तो अब आपके इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं। केंद्र सरकार ने CRCS पोर्टल पर री-सबमिशन की सुविधा...
Sahara Refund: सहारा इंडिया के निवेशकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अगर आप भी उन लाखों लोगों में शामिल हैं जिनकी मेहनत की कमाई सालों से फंसी हुई थी, तो अब आपके इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली हैं। केंद्र सरकार ने CRCS पोर्टल पर री-सबमिशन की सुविधा शुरू कर दी है, जिससे अब बड़े निवेशक भी अपने हक का पैसा वापस पाने की उम्मीद कर सकते हैं।
बड़ी राहत: रिफंड की सीमा अब ₹10 लाख तक पहुंची
शुरुआत में सरकार ने छोटे निवेशकों को ध्यान में रखते हुए रिफंड की एक सीमित राशि तय की थी, लेकिन अब पोर्टल को अपडेट कर दिया गया है। अब जिन निवेशकों का क्लेम 10 लाख रुपये तक है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। यह उन लोगों के लिए बहुत बड़ा मौका है जिनका भारी-भरकम पैसा सहारा की स्कीमों में अटका पड़ा था। अब तक ₹50,000 तक के पात्र दावों का भुगतान सफलतापूर्वक किया जा चुका है, और अब बड़े दावों की बारी है।
आवेदन अटक गया है? 'री-सबमिशन' है समाधान
कई निवेशकों ने पहले आवेदन किया था, लेकिन किसी न किसी तकनीकी कमी या दस्तावेज की गड़बड़ी (Deficiency) के कारण उनके फॉर्म रिजेक्ट हो गए या पेंडिंग में डाल दिए गए। अगर आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार ने इसके लिए एक विशेष लिंक https://mocresubmit.crcs.gov.in/ जारी किया है। यहां जाकर आप अपनी कमियों को सुधार सकते हैं और दोबारा फॉर्म भर सकते हैं। एक बार सही तरीके से फॉर्म जमा होने के बाद, प्रशासन 45 कार्य दिवसों के भीतर उस पर एक्शन लेगा।
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया: घर बैठे ऐसे करें आवेदन
पोर्टल पर पंजीकरण करना अब पहले से कहीं अधिक सरल है। इसकी पूरी प्रक्रिया नीचे दी गई है:
-
पोर्टल पर प्रवेश: सबसे पहले अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Depositor Registration’ के विकल्प को चुनें।
-
Aadhaar authentication: अपने आधार कार्ड के आखिरी 4 अंक दर्ज करें और साथ ही आधार से जुड़ा अपना मोबाइल नंबर डालें।
-
OTP verification: 'Get OTP' पर क्लिक करते ही आपके फोन पर एक कोड आएगा, जिसे भरकर आप खुद को सत्यापित कर सकते हैं।
-
लॉगिन और दस्तावेज: सफलतापूर्वक पंजीकरण के बाद ‘Depositor Login’ करें। यहाँ आपको अपनी सदस्यता संख्या (Membership Number) और खाता नंबर जैसी जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही अपनी पासबुक या सर्टिफिकेट की साफ फोटो अपलोड करना अनिवार्य है।
इन जरूरी चीजों को रखें पास
फॉर्म भरने से पहले कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों को अपने पास संभाल कर रखें ताकि प्रक्रिया के बीच में कोई रुकावट न आए:
-
आधार लिंक मोबाइल: बिना इसके ओटीपी प्राप्त करना संभव नहीं होगा।
-
खाता और सदस्यता विवरण: जमा खाता संख्या और सदस्यता संख्या की सही जानकारी।
-
पैन कार्ड (PAN Card): ध्यान रहे, यदि आपकी दावा राशि ₹50,000 या उससे अधिक है, तो पैन कार्ड के बिना आवेदन पूरा नहीं होगा।
-
सोसाइटी अनुसार विवरण: लखनऊ और कोलकाता की सोसायटियों के लिए 'खाता संख्या' (Account Number) जरूरी है, जबकि भोपाल और हैदराबाद के निवेशकों को 'रसीद नंबर' (Receipt Number) देना होगा।
कोई समस्या हो तो यहां मिलेगी मदद
सरकार ने निवेशकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अगर आपको पोर्टल चलाने या फॉर्म भरने में कोई तकनीकी दिक्कत आती है, तो आप सोमवार से शुक्रवार (सुबह 9:30 से शाम 6:00 बजे तक) इन नंबरों पर बात कर सकते हैं:
-
HelpDesk: 01120909044, 01120909045
-
कमेटी संपर्क: 0522 6937100, 08069208210