Edited By Anu Malhotra,Updated: 06 Mar, 2026 01:17 PM

Indian Airforce Plane Crash: असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय वायुसेना के दो पायलट शहीद हो गए है। भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारतीय वायु सेना ने रूसी मूल के विमान के...
Indian Airforce Plane Crash: असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय वायुसेना के दो पायलट शहीद हो गए है। भारतीय वायुसेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारतीय वायु सेना ने रूसी मूल के विमान के लापता होने के एक दिन बाद, शुक्रवार को स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की मौत की पुष्टि की। सुखोई-30 लड़ाकू विमान वीरवार शाम असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर उड़ान भरते समय रडार से ओझल हो गया था।
भारतीय वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि प्रशिक्षण मिशन पर निकला सुखोई-30एमकेआई विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच 'X' पर कहा, ''वायु सेना स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करती है। सुखोई-30 विमान दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौत हो गई। वायुसेना के सभी कर्मी शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और दुख की इस घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।''
अधिकारियों ने बताया कि रूसी मूल के विमान के साथ संपर्क बृहस्पतिवार रात सात बजकर 42 मिनट पर टूट गया था। वायुसेना ने बृहस्पतिवार देर रात पुष्टि की कि रडार से ओझल हुआ Sukhoi 30 MKI विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। Sukhoi 30 MKI रूसी विमान निर्माता सुखोई द्वारा विकसित दो सीट वाला लंबी दूरी का बहुउद्देशीय लड़ाकू विमान है। अब भारत में लाइसेंस के तहत एचएएल इसका निर्माण करता है। वायुसेना के पास 260 से अधिक सुखोई-30एमकेआई विमान हैं। महाराष्ट्र के नासिक जिले में जून 2024 में एक सुखोई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जनवरी 2023 में ग्वालियर वायुसेना अड्डे से उड़ान भरने के बाद एक अन्य सुखोई-30 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।