Edited By jyoti choudhary,Updated: 19 Feb, 2026 04:01 PM

देश के सबसे बड़े कॉरपोरेट समूहों में से एक Reliance Industries के चेयरमैन Mukesh Ambani ने भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बुनियादी ढांचे और सेवाओं के विकास के लिए अगले सात वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपए निवेश करने की घोषणा की है। नई दिल्ली...
बिजनेस डेस्कः देश के सबसे बड़े कॉरपोरेट समूहों में से एक Reliance Industries के चेयरमैन Mukesh Ambani ने भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बुनियादी ढांचे और सेवाओं के विकास के लिए अगले सात वर्षों में 10 लाख करोड़ रुपए निवेश करने की घोषणा की है। नई दिल्ली में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट में अंबानी ने कहा कि AI का स्वर्णिम दौर अभी आना बाकी है और यह तकनीक दुनिया में ‘सुपर अबंडेंस’ यानी व्यापक समृद्धि का नया युग ला सकती है।
AI सस्ती होगी या सीमित? दुनिया चौराहे पर
अंबानी ने कहा कि दुनिया इस समय एक अहम मोड़ पर खड़ी है। एक रास्ता ऐसा है जहां AI महंगी और सीमित रहेगी, जबकि डेटा और ताकत कुछ कंपनियों के हाथ में केंद्रित हो जाएगी। दूसरा रास्ता ऐसा है जहां AI सस्ती, सुलभ और सबके लिए उपलब्ध होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जियो और रिलायंस मिलकर भारत में AI को लोकतांत्रिक और सुलभ बनाने की दिशा में काम करेंगे।
‘दिखावे’ के लिए नहीं, राष्ट्र निर्माण के लिए निवेश
अंबानी ने स्पष्ट किया कि 10 लाख करोड़ रुपए का निवेश केवल वैल्यूएशन बढ़ाने या प्रदर्शन के लिए नहीं है, बल्कि यह देश के निर्माण के लिए दीर्घकालिक, अनुशासित और धैर्यपूर्ण निवेश होगा।
जियो बनाएगा ‘सॉवरिन कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर’
अंबानी के मुताबिक AI के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा टैलेंट नहीं, बल्कि कंप्यूटिंग की ऊंची लागत है। इस चुनौती से निपटने के लिए जियो भारत का ‘सॉवरिन कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर’ विकसित करेगा।
- गीगावॉट स्तर के बड़े डेटा सेंटर स्थापित किए जाएंगे
- जामनगर में बहु-गीगावॉट AI इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण शुरू
- 2026 की दूसरी छमाही तक 120 मेगावाट से अधिक क्षमता चालू करने का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि जिस तरह जियो ने भारत में इंटरनेट और मोबाइल डेटा को सस्ता बनाकर डिजिटल क्रांति लाई, उसी तरह अब वह देश को AI और इंटेलिजेंस के युग से जोड़ेगा।
हर नागरिक तक पहुंचेगी AI की ताकत
अंबानी ने कहा कि AI की शक्ति को हर नागरिक, हर उद्योग और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। जियो इसे बड़े पैमाने और किफायती दरों पर उपलब्ध कराएगा।