Edited By Pardeep,Updated: 17 Oct, 2026 06:13 AM

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को छाती में संक्रमण के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आडवाणी (98) को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया और फेफड़ों से संबंधित विभाग में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि आडवाणी की हालत स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके इलाज के बारे में और वे कितने दिन अस्पताल में रहेंगे, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।
भारत में भाजपा को एक बड़ी राजनीतिक ताकत बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले आडवाणी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में 2002 से 2004 तक उप प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में भी काम किया और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार तथा राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते प्रभाव के महत्वपूर्ण दौर में भाजपा अध्यक्ष भी रहे।
आठ नवंबर 1927 को जन्मे आडवाणी ने कई दशकों तक भाजपा की राजनीतिक दिशा और संगठनात्मक ढांचे को आकार देने में प्रमुख भूमिका निभाई। आडवाणी बाद के वर्षों में धीरे-धीरे सक्रिय चुनावी राजनीति से दूर हो गए। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को देखते हुए 2024 में आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान‘भारत रत्न'से नवाजा गया।