Edited By Rohini Oberoi,Updated: 23 Aug, 2026 08:23 AM

तमिलनाडु सरकार ने अगले साल पोंगल के अवसर पर राशन कार्डधारकों को मुफ्त धोती और साड़ी वितरण योजना जारी रखने की मंजूरी दे दी है। योजना के तहत उत्पादन जल्द शुरू होगा और इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मंत्री एम. विजय बालाजी ने यह जानकारी दी।
इरोड : तमिलनाडु सरकार ने अगले साल पोंगल के अवसर पर राशन कार्डधारकों को मुफ्त धोती और साड़ी वितरण योजना जारी रखने की मंजूरी दे दी है। योजना के तहत उत्पादन जल्द शुरू होगा और इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मंत्री एम. विजय बालाजी ने यह जानकारी दी।
'इरोड कॉर्पोरेशन' बस पड़ाव का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से तमिलनाडु के हथकरघा, कपड़ा और खादी मंत्री ने कहा कि उत्पादन को आसान बनाने के लिए पहले ही सरकारी मिलों से प्राप्त धागे की आपूर्ति स्थानीय सहकारी समितियों को की जा चुकी है। उन्होंने कहा, मुफ्त धोती और साड़ी योजना के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और धागे की खरीद शुरू हो गई है। बुनकरों को लगातार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए समितियों को धागा दिया गया है।
पिछले साल की तरह इस बार कोई देरी नहीं होगी। मुफ्त धोती और साड़ियां तय समय पर वितरित की जाएंगी, जिससे बुनकरों को समय पर मजदूरी मिल सकेगी। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने इस योजना के लिए शुरुआती आवंटन के तौर पर 300 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
बता दें कि जुलाई में जारी एक सरकारी आदेश में योजना के क्रियान्वयन की अनुमानित लागत 642.88 करोड़ रुपये बताई गई थी। इसमें कहा गया था कि वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान में योजना के लिए आवंटित 606.94 करोड़ रुपये में से पहली किस्त के रूप में 300 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है।