Edited By Pardeep,Updated: 22 Jan, 2026 02:13 AM

देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से 22 और 23 जनवरी 2026 के दौरान कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि, तेज हवाएं और बिजली...
नेशनल डेस्कः देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से 22 और 23 जनवरी 2026 के दौरान कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 जनवरी को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान और पहाड़ी राज्यों का मौसम
पश्चिमी राजस्थान में 22 जनवरी को हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 23 जनवरी को बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश के साथ-साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
पंजाब में दर्ज हुआ मैदानी इलाकों का सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, मेघालय, नागालैंड और मिजोरम में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान करीब 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है। आदमपुर (पंजाब) में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा। हालांकि हरियाणा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, गंगा पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहा, लेकिन ठंड का असर वहां भी बना हुआ है।
इन इलाकों में रहेगा घना कोहरा
22 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। 24 से 26 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में सुबह के समय कोहरा पड़ने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है।