Edited By Parveen Kumar,Updated: 12 Jan, 2026 09:09 PM

मध्य प्रदेश के देवास जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। रोहित पटेल मर्डर केस में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है कि इस जघन्य हत्या के पीछे खुद मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी शामिल थे। यह मामला थाना सिविल लाइन...
नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के देवास जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। रोहित पटेल मर्डर केस में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है कि इस जघन्य हत्या के पीछे खुद मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी शामिल थे। यह मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र का है, जिसने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है।
देवास पुलिस को 8–9 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात इंदौर–देवास बायपास मेन रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की स्थिति संदिग्ध लगने पर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
जांच के दौरान शव की पहचान 42 वर्षीय रोहित पटेल के रूप में हुई, जो इंदौर के शिप्रा एक्सटेंशन का निवासी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, परत-दर-परत एक चौंकाने वाला सच सामने आने लगा।
अवैध संबंध बने हत्या की वजह
देवास के एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदोरिया ने बताया कि जांच में यह सामने आया कि रोहित पटेल की पत्नी के अपने प्रेमी के साथ अवैध संबंध थे। इसी रिश्ते को रास्ते की बाधा मानते हुए दोनों ने रोहित को खत्म करने की साजिश रची। योजना के तहत पहले उसे शराब पिलाकर बेहोश किया गया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को इंदौर-देवास बायपास रोड पर फेंक दिया, ताकि मामला सड़क हादसा या अज्ञात मौत जैसा लगे। लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते यह साजिश ज्यादा दिन तक छिप नहीं सकी।
पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन और अन्य अहम सबूत भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। देवास पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में चार्जशीट भी पेश की जाएगी।